@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, धमतरी। जिले की कई ग्राम पंचायतों में सोलर सिस्टम लगाने के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। कई सरपंचों ने आरोप लगाया है कि खुद को इंडोसोलर प्राइवेट लिमिटेड का प्रतिनिधि बताने वाले तीन लोगों ने रियायती दर पर सोलर सिस्टम उपलब्ध कराने का झांसा देकर अग्रिम राशि वसूल ली और बाद में संपर्क से बाहर हो गए।
सरपंचों के अनुसार, आरोपित कंपनी के नाम से छपे ऑर्डर फॉर्म का उपयोग कर रहे थे, जिस पर ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश) का पता और GSTIN भी अंकित था। इसी आधार पर उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों का विश्वास जीता और विभिन्न गांवों में सोलर सिस्टम लगाने का भरोसा दिया।
बताया गया है कि काले रंग की स्कॉर्पियो (UP 13 BF 0002) में पहुंचे तीन लोगों ने अलग-अलग पंचायतों से ₹20 हजार से ₹30 हजार तक नकद अग्रिम राशि ली। विश्वास दिलाने के लिए कुछ सोलर सामग्री भी सौंपी गई और अगले ही दिन पूरी टीम भेजकर सिस्टम स्थापित करने का आश्वासन दिया गया। लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद न तो कोई टीम पहुंची और न ही संबंधित व्यक्तियों से संपर्क हो सका। उनके मोबाइल फोन भी बंद बताए जा रहे हैं।
सरपंचों का कहना है कि ऑर्डर फॉर्म पर किसी भी जिम्मेदार अधिकारी का मोबाइल नंबर या संपर्क विवरण उपलब्ध नहीं है, जिससे पूरे मामले पर संदेह और गहरा गया है। अब पंचायत प्रतिनिधियों ने आशंका जताई है कि यह सुनियोजित तरीके से की जा रही धोखाधड़ी हो सकती है।
सरपंचों ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों और ग्रामीणों से अपील की है कि सोलर योजना या किसी अन्य सरकारी योजना के नाम पर यदि कोई व्यक्ति अग्रिम नकद राशि मांगता है, तो पहले उसकी पहचान और कंपनी की प्रामाणिकता की पूरी जांच करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या जिला प्रशासन को दें।








