पाटन। नगर पंचायत पाटन की सामान्य सभा की परिषद बैठक में सभापति नेहा बाबा वर्मा ने वार्ड क्रमांक 4 सहित नगर क्षेत्र की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता के साथ उठाते हुए अधिकारियों से त्वरित एवं ठोस कार्रवाई की मांग की। बैठक के दौरान उनका रुख स्पष्ट रूप से जनहित केंद्रित और सक्रिय नजर आया।
बैठक में उन्होंने वार्ड क्रमांक 4 की गंभीर पेयजल समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि क्षेत्र पूरी तरह ड्राई एरिया बन चुका है और नल-जल योजना से पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उन्होंने नियमित टैंकर के माध्यम से जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर जल वितरण पॉइंट बनाकर प्रतिदिन शाम 4:00 बजे से पानी उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि वार्डवासियों को राहत मिल सके।
उन्होंने वार्ड क्षेत्र की समस्त शासकीय, घास एवं आबादी भूमि का शीघ्र सीमांकन कर उन्हें जनहितकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों के लिए आरक्षित करने का मुद्दा भी गंभीरता से रखा।
सभापति ने बच्चों के जाति प्रमाण पत्र से संबंधित लंबित आवेदनों को परिषद में प्रस्तुत करते हुए उनके त्वरित निराकरण की आवश्यकता बताई, ताकि संबंधित परिवारों को अनावश्यक परेशानी न हो।
नगर के कॉलेज रोड स्थित अखरा स्कूल एवं चंदुलाल चंद्राकर कॉलेज के समीप लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने वहां शीघ्र स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग की, जिससे छात्र-छात्राओं एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
इसी क्रम में उन्होंने शुभम के मार्ट के सामने मुख्य मार्ग पर अव्यवस्थित पार्किंग को गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि यह स्थिति आमजन की सुरक्षा के लिए खतरा बन चुकी है। उन्होंने संबंधित प्रतिष्ठान की जांच कर नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई करने तथा निर्धारित समय-सीमा में पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की।
बीटी रोड की गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल
सभापति ने वार्ड क्रमांक 4 में निर्मित बीटी रोड की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क अनुबंध की निर्धारित अवधि पूरी होने से पहले ही उखड़ चुकी है और डामर पूरी तरह समाप्त हो गया है, जिससे आमजन को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पिछले परिषद बैठक में अधिकारियों द्वारा अनुबंध अवधि समाप्त होने की जानकारी दी गई थी, जबकि वास्तविकता में अनुबंध अवधि अप्रैल माह तक प्रभावी थी। इसे जनप्रतिनिधियों को गुमराह करने की स्थिति बताते हुए उन्होंने इस पर आपत्ति दर्ज कराई और मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सभापति नेहा बाबा वर्मा ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रामक जानकारी स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने परिषद से सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
बैठक में उठाए गए इन मुद्दों से यह स्पष्ट है कि सभापति द्वारा नगरवासियों की समस्याओं को मजबूती के साथ उठाते हुए समाधान की दिशा में सक्रिय प्रयास किए जा रहे हैं।








