संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, अभनपुर/ नवापारा। अभनपुर स्थित द्रोणाचार्य पब्लिक स्कूल में विद्यालय का प्रथम वार्षिक उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा, संस्कार और सर्वांगीण विकास को प्रदर्शित करने वाला रहा। समारोह में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रस्तुतियाँ दीं, जिसे देखकर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने भरपूर सराहना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती कंचन गांधी (अध्यक्ष, महेश्वरी महिला मंडल), विशिष्ट अतिथि श्रीमती अंकिता गांधी तथा नवापारा नगर के पार्षद श्री सचिन सचदेव के करकमलों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। दीप प्रज्वलन के पश्चात कार्यक्रम का वातावरण मंगलमय एवं प्रेरणादायी बन गया।

विद्यालय के डायरेक्टर श्री गांधी सचदेव एवं प्राचार्य श्रीमती सोनिया पोपटानी ने मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया एवं उनके प्रति आभार व्यक्त किया। अपने स्वागत उद्बोधन में प्राचार्य महोदया ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर श्रीमान राजेश गांधी एवं श्रीमान राहुल राठी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में विद्यार्थियों को अच्छे संस्कार अपनाने, अनुशासन के साथ शिक्षा ग्रहण करने तथा जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित न होकर व्यक्तित्व निर्माण का माध्यम होनी चाहिए।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। नृत्य, संगीत एवं अन्य मनोरंजक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की मासूम अदाओं, आत्मविश्वास और मंच पर उनकी प्रस्तुति ने सभी अभिभावकों एवं उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
इसके अतिरिक्त विद्यालय में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं एवं विभिन्न शैक्षणिक व सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथियों एवं विद्यालय के डायरेक्टर द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना और उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। यह प्रथम वार्षिक उत्सव न केवल विद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा, बल्कि विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच आपसी सहयोग एवं विश्वास को भी और मजबूत करने वाला सिद्ध हुआ। इस अवसर पर बच्चों के अभिभावक, शिक्षक, शिक्षिकाएं, गणमान्य नागरिक, स्कूल स्टाफ मौजूद रहे.








