संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। नगरपालिका परिषद गोबरा नवापारा द्वारा विभिन्न करों में की गई अत्यधिक वृद्धि एवं नगर प्रशासन की कथित अव्यवस्थाओं के विरोध में बुधवार को नवापारा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। धरना प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में असंतुष्ट नागरिकों की उपस्थिति रही।

धरना प्रदर्शन के पश्चात नागरिकों की ओर से मुख्य नगर पालिका अधिकारी के नाम इंजीनियर राहुल थवानी को एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें नगर से जुड़ी कई जनहितकारी मांगें रखी गईं और शीघ्र निराकरण की मांग की गई।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि नगर में नल-जल योजना की मासिक राशि बिना पूर्व सूचना के 80 रुपये से बढ़ाकर 180 रुपये कर दी गई है, जिससे आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। नागरिकों ने इस बढ़ी हुई दर को तत्काल वापस लेने की मांग की है।
साथ ही सफाई शुल्क के नाम पर छोटे-छोटे व्यवसायों एवं स्थानों से अत्यधिक राशि वसूले जाने पर आपत्ति जताते हुए इसे अनुचित बताया गया और शुल्क में कमी की मांग की गई।
इसके अतिरिक्त शिक्षा उपकर को निरस्त करने, वार्ड क्रमांक 20 एवं 21 की स्वीकृत राशन दुकानों का संचालन वार्ड क्रमांक 02 में किए जाने पर आपत्ति जताते हुए दुकानों को पुनः संबंधित वार्डों में ही संचालित करने की मांग की गई।
वार्ड क्रमांक 18 में ऋषिदास वैष्णव भवन के पीछे निर्मित अवैध दुकानों पर भी सवाल उठाए गए। नागरिकों का कहना है कि पूर्व परिषद के संकल्प के अनुसार इन पर विधिवत कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं पानी टंकी के पीछे स्थित शासकीय भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को लेकर भी नाराजगी व्यक्त की गई। बताया गया कि उक्त भूमि पर पूर्व में राजस्व विभाग द्वारा कार्रवाई की जा चुकी है, इसके बावजूद वहां व्यवसाय संचालित होना नियमों के विपरीत है, जिसे तत्काल बंद किया जाए।
नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर सभी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो आगे आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

धरना प्रदर्शन में पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू, नवापारा ब्लॉक अध्यक्ष रामा यादव, नेता प्रतिपक्ष संध्या राव, नवापारा महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं पार्षद दीपाली सिंह राजपूत, मंडल अध्यक्ष अजय साहू, अजय कोचर, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ शर्मा, पालिका अध्यक्ष धनराज मध्यानी, उपाध्यक्ष सरदार जीत सिंह, चतुर जगत, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शिखरचंद बाफना, बीरबल सिंह राजपूत, पार्षद राम रतन निषाद, तरुण कंसारी, हेमंत साहनी, अर्जुन साहू, फागुराम देवांगन, टिकेश्वर गिलहरे, पूर्व पार्षद मंगराज सोनकर, लोकिन साहू, रमेश तिवारी, राजा चावला, राकेश सोनकर, अहमद रिज़वी, मुरली राजपूत, मयंक शाह, रामकुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।








