संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। नशे के अवैध कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए गोबरा नवापारा पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। थाना क्षेत्र अंतर्गत दुलना तिराहा के पास पुलिस ने चिट्टा (हेरोईन) की तस्करी करते हुए 02 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 06 ग्राम 13 मिलीग्राम चिट्टा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹45,000 बताई जा रही है, जप्त की गई है।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा तथा पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देश में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत यह कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्ती से अंकुश लगाना और अवैध खरीदी-बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों पर कठोर कार्रवाई करना है।
मुखबिर की सूचना पर त्वरित एक्शन
दिनांक 07 जनवरी 2026 को थाना गोबरा नवापारा पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि दुलना तिराहा के पास दो युवक प्रतिबंधित मादक पदार्थ लेकर बिक्री की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नया रायपुर श्री विवेक शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक नया रायपुर श्री तुलसी राम लेकाम के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी गोबरा नवापारा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखते ही दोनों संदिग्ध भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम इमरान खान उर्फ गोलू एवं पुरुषोत्तम साहू, दोनों निवासी जिला धमतरी, बताया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से चिट्टा (हेरोईन) बरामद किया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपियों के विरुद्ध थाना गोबरा नवापारा में अपराध क्रमांक 10/26, धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
- इमरान खान उर्फ गोलू, पिता – शेख हनिफ खान, उम्र – 34 वर्ष, निवासी – रिसाई पारा, पूर्व कोड्डूमल धर्मशाला के पास, थाना कोतवाली, जिला धमतरी।
- पुरुषोत्तम साहू, पिता – जीवराखन साहू, उम्र – 29 वर्ष, निवासी – संजय नगर, कुरूद, थाना कुरूद, जिला धमतरी।
इनकी रही अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक दीपेश जायसवाल (थाना प्रभारी), उप निरीक्षक अरुण साहू, सहायक उप निरीक्षक साबिर अली, प्रधान आरक्षक राधेश्याम सिंह, आरक्षक कसान रजा एवं सुदीप मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गोबरा नवापारा पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार में लिप्त तत्वों में हड़कंप मचा है, वहीं आम जनता ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।








