संवाददाता तुकाराम कंसारी
संस्कार वेलफेयर फाउंडेशन छत्तीसगढ़ का सराहनीय प्रयास
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा-राजिम/ पाटन। दिव्यांग जनों की संस्था संस्कार वेलफेयर फाउंडेशन छत्तीसगढ़ द्वारा बच्चों में नैतिक मूल्यों और सकारात्मक जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शासकीय एवं निजी स्कूलों में लगातार प्रेरणा पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में शनिवार को शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, महुदा (पाटन) में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान वीडियो एवं संवाद माध्यम से बच्चों को शिक्षा का महत्व, नशे के दुष्परिणाम, परिवार एवं समाज के प्रति कर्तव्य, राष्ट्रभक्ति तथा जीवन में अनुशासन जैसे विषयों पर प्रेरक संदेश दिए गए।
संस्था द्वारा अब तक पाटन ब्लॉक के पाटन, बठेना, सावनी, तुलसी, सिकोला, रूही, खुडमुड़ी और महुदा सहित कई विद्यालयों में सफल आयोजन कर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को जागरूक किया जा चुका है।
इसके साथ ही संस्था द्वारा चंपेश्वर आशियाना के नाम से चंपारण में दिव्यांग आश्रम का संचालन कर जरूरतमंद दिव्यांगजनों की सेवा भी की जा रही है, जो समाज के लिए प्रेरणा का केंद्र बन रहा है।








