संवाददाता तुकाराम कंसारी
शिव–राम के दिव्य संगम में डुबकी लगाएंगे श्रद्धालु, 12 ज्योतिर्लिंगों का प्रतीक स्थापित
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। नगर के शीतलापारा स्थित गौरी–गौरा अखंड रामायण चौक में जय श्री राम नवयुवक अखंड रामायण समिति के तत्वावधान में शनिवार को वैदिक निर्माण पूजन, श्री शिव महापुराण कथा एवं अखंड रामायण पाठ का दिव्य आयोजन विधिवत प्रारंभ हुआ। शुभारंभ से पूर्व वार्ड में गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। पीतवस्त्र धारण किए बड़ी संख्या में महिलाएं शीतला तालाब से कलश में पवित्र जल लेकर कथा स्थल तक पहुंचीं। वहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजा-अर्चना हुई तथा शिवलिंग सहित द्वादश ज्योतिर्लिंगों का प्रतीकात्मक स्थापत्य किया गया।

कथा के प्रथम दिवस ने बांधा आध्यात्मिक रंग
महोत्सव के मुख्य कथावाचक पं. संतोष मिश्रा जी (तर्री वाले) ने शिव महिमा और शिवतत्व के उद्गार सामने रखे। उन्होंने कहा कि—
“असंख्य पुण्यों का उदय होता है तब शिव महापुराण कथा श्रवण का सौभाग्य प्राप्त होता है।”
शिव महात्म्य पर आधारित तेजस्वी वाणी और दिव्य सत्संग ने श्रद्धालुओं को प्रथम ही दिन भाव-विभोर कर दिया।
प्रतिदिन होगा सामूहिक शिवलिंग निर्माण
आयोजन समिति के अनुसार 6 दिसंबर से 14 दिसंबर तक प्रतिदिन सुबह 9 से 10 बजे पार्थिव सामूहिक शिवलिंग निर्माण एवं पूजन होगा। इसके पश्चात दोपहर 1 बजे से कथा वाचन का दिव्य प्रवाह श्रद्धा व भक्ति का संचार करेगा।
श्रद्धा और सेवा का संगम
शिव–राम के पावन संगम से सराबोर यह आयोजन समाज में धार्मिक ऊर्जा, आध्यात्मिक समरसता तथा मंगलभाव बढ़ाने का संकल्प लिए हुए है। समिति सदस्यों ने नगरवासियों सहित आसपास के ग्रामों के श्रद्धालुओं से सहपरिवार उपस्थित होकर कथा के आध्यात्मिक आनंद का लाभ लेने की अपील की है।








