संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, राजिम। अपनी नवाचारी और सक्रिय कार्यशैली के लिए हमेशा चर्चित शासकीय रामबिशाल पांडेय उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल राजिम के प्राचार्य संजय एक्का ने अपने विद्यालय के शिक्षकों के साथ श्रमदान करते हुए बच्चों को सडक दुर्घटना से बचाने के लिए विद्यालय के मुख्य गेट के सामने की सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगा दिया। दरअसल रामबिशाल पांडेय स्वामी आत्मानंद स्कूल के मुख्य गेट के ठीक सामने मुख्य सड़क है जो बस स्टैंड नगर पंचायत से होते हुए राजीवलोचन मंदिर की ओर जाती है। इस सड़क पर लगातार दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। इससे किसी न किसी प्रकार की गंभीर दुर्घटना की आशंका निरंतर बनी रहती है। कई बार दुर्घटना होते होते भी टली है।
प्राचार्य संजय एक्का पिछले 3 सालों से कोशिश में लगे थे
प्राचार्य संजय एक्का पिछले 3 सालों से कोशिश में लगे थे कि यहां स्पीड ब्रेकर लग जाए। प्राचार्य के अथक प्रयास को देखते हुए उनके निवेदन पर पीडब्ल्यूडी राजिम के तात्कालिन प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी इंजीनियर प्रकाश शर्मा ने विशेष रूचि लेते हुए सड़क पर अलग से लगाए जाने वाले रबर स्पीड ब्रेकर की व्यवस्था कर दी। लेकिन उसे लगाने के लिए टेक्निशियनों की व्यवस्था नहीं हो पा रही थी। तब प्राचार्य ने विद्यालय के ही शिक्षकों से इस समस्या के संबंध में चर्चा किया तो शिक्षकों ने सहर्ष कहा कि शिक्षक लोग ही मिलजुलकर श्रमदान करते हुए स्पीड ब्रेकर को लगा देंगे। इसकी जिम्मेदारी शिक्षक कैलाश साहू जो स्वयं मैकेनिकल इंजीनियरिंग डिग्रीधारी ने लिया। उन्होंने सबसे पहले रबर स्पीड ब्रेकर को लगाने की तकनीकी जानकारी एकत्र किया और प्राचार्य को जानकारी दिया। फिर देर किस बात की थी।
लोगों ने प्राचार्य एवं शिक्षकों के इस कार्य की किया सराहना
संजय एक्का स्वयं शिक्षक कैलाश साहू, नारायण साहू, अगेंश गंगेले, जितेंद्र साहू, क्लर्क राकेश ठाकुर, भृत्य रमन साहू इत्यादि के साथ मिलकर हथोड़ा कील लेकर सड़क पर आ गये और रबर स्पीड ब्रेकर को थोड़े ही देर में लगा दिया। स्वामी आत्मानंद स्कूल के सामने से आने जाने वाले लोग प्राचार्य और शिक्षकों को इस प्रकार रोड में स्पीड ब्रेकर को लगाते हुए देखकर आश्चर्यचकित भी हुए, इस कार्य के लिए उनकी भूरी भूरी प्रशंसा भी किया। शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष सुजाता शर्मा, राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी विवेक शर्मा, सांसद प्रतिनिधि सोमनाथ पटेल, विधायक प्रतिनिधि खुशी साहू एवं अन्य सदस्यगण संजीव साहू, महेंद्र कश्यप, चंदन बंजारे, विजेता देवानी आदि ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को अत्यधिक महत्व देने की भावना से किया वाला कार्य बताते हुए प्राचार्य एवं शिक्षकों के इस श्रमदान की अत्यधिक सराहना की है।








