संवाददाता तुकाराम कंसारी
नौ महीने से ठप विकास कार्य, सरपंच–पंचगण ने सचिव को सौंपा ज्ञापन
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, राजिम। पंचायत विकास निधि के भुगतान में पिछले नौ महीनों से जारी देरी के विरोध में क्षेत्र की छह ग्राम पंचायतों—बासीन, रोहिना, रक्शा, बरभाठा, बकली व अरंड—में बुधवार को ताला बंद कर उग्र प्रदर्शन किया गया। पंचायतों ने आरोप लगाया कि 15वें और 16वें वित्त आयोग की राशि जारी न होने से गांवों के सभी विकास कार्य ठप हो चुके हैं और सरपंच व पंचायतें ग्रामीणों के सामने असहाय स्थिति में हैं।
स्थानीय सरपंचों के अनुसार नल-जल व्यवस्था, नाली सफाई, तालाब सफाई, स्ट्रीट लाइट, गली निर्माण, सीसी रोड सहित अन्य मूलभूत कार्य पिछले नौ माह से रुके पड़े हैं, जबकि ग्रामीण लगातार समस्याओं को लेकर पंचायत तक पहुंच रहे हैं। “बिना राशि के कोई भी कार्य संभव नहीं है, पंचायतें मजबूरी में हाथ बांधे खड़ी हैं,” सरपंचों ने कहा।
सचिव को सौंपा गया ज्ञापन
छह पंचायतों के सरपंचों, पंचगणों, ग्राम प्रमुखों और ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से पंचायत कार्यालय के बाहर ताला जड़कर 15वें और 16वें वित्त आयोग की राशि तत्काल जारी करने की मांग का ज्ञापन सचिव को सौंपा। उन्होंने चेताया कि राशि जारी न होने की स्थिति में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
जनपद सदस्य रोशन डहरिया ने प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर सरपंचों की मांग को न्यायसंगत बताया और प्रशासन से शीघ्र निधि जारी करने का आग्रह किया।
विरोध में शामिल हुए आसपास के सरपंच
बासीन की सरपंच गंगा बाई ओगरे, रोहिना के रूपेश साहू, रक्शा के प्रकाश चंदनिया, बरभाठा की निर्मला यदू, बकली की बिंदा साहू, अरंड के चुम्मन साहू, रोबा की हितेश्वरी साहू सहित बड़ी संख्या में पंचगण—जीतेश्वरी साहू, गायत्री रात्रे, रीना यादव, कुंती यादव, मालती साहू, कुलेश्वर पटेल, रामेंद्र शर्मा, तेजराम ध्रुव, उमेश्वर साहू, लेख राम साहू, लता पुरै, खेमीन साहू, रवि वैष्णव, सरस्वती बंजारे, महेश्वरी नागेश—और ग्रामीणों ने भाग लिया।
ग्रामीण रामा साहू, देवनाथ साहू, एवनदास पुरै, योगेश यादव, राजेश साहू, कुंजलाल साहू, घासीराम साहू, तुलश रात्रे, प्रकाश बंजारे, लोकनाथ बनर्जी, प्रताप घृतलहरे, अग्नि घृतलहरे, भीखम भारती, सुखनंदन यादव, उमेश सेन, टिकेश्वर नागेश, नारद साहू, दयाराम पटेल, जितेंद्र साहू, नितेश भारती, दीपक रोशन आदि भी उपस्थित रहे।
जिलेभर में समर्थन
इस आंदोलन का प्रभाव तेजी से फैल रहा है। कई अन्य पंचायतों ने भी मौखिक रूप से समर्थन दे दिया है और जल्द ही व्यापक प्रदर्शन की संभावना है।
ग्रामीण विकास निधि के अभाव में रुके पड़े कार्यों से नाराज पंचायतों ने स्पष्ट कहा कि जब तक राशि जारी नहीं होती, विरोध जारी रहेगा।








