संवाददाता तुकाराम कंसारी
नगर में जलभराव का निरीक्षण कर किया त्वरित निदान
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर नवापारा नगर में भी व्यापक रूप से देखने को मिला। लगातार हो रही तेज बारिश ने नगरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई मोहल्लों और कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई, यहाँ तक कि कई घरों के अंदर भी पानी घुस गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगरपालिका अध्यक्ष ओमकुमारी-संजय साहू ने शनिवार को नगर के विभिन्न वार्डों का दौरा किया। उन्होंने पालिका अमले को अलर्ट मोड पर रखा और तत्कालीन परिस्थिति के अनुरूप आवश्यक तैयारी रखने के निर्देश दिए।
मंडल अध्यक्ष नागेंद्र वर्मा सहित पूरी टीम के साथ नपा अध्यक्ष ने आदर्श कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 21 चक्रधारी पारा, वार्ड क्रमांक 7, वार्ड क्रमांक 4, सोमवारी बाजार और अन्य निचली बस्तियों का निरीक्षण किया। कई प्रमुख मार्गों में दो से तीन फीट तक पानी भरा पाया गया। रेलवे पटरी किनारे की बस्तियों में भी जलभराव की समस्या गंभीर थी।
अध्यक्ष ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पालिका कर्मचारियों को निर्देशित किया और जेसीबी मशीन बुलाकर पानी निकासी की व्यवस्था करवाई।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी, पार्षद पूजा कंसारी, निर्मला साहू, भाजयुमो उपाध्यक्ष राजू रजक सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे और समस्या के समाधान में जुटे रहे।
“जलभराव की समस्या का होगा स्थायी निवारण” : अध्यक्ष
पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी-संजय साहू ने कहा कि लगातार बारिश से नालियों के ओवरफ्लो होने की वजह से वार्डों में जलभराव की स्थिति बनी। कई स्थानों पर जेसीबी बुलाकर तुरंत राहत दी गई है। छोटी नालियों को चौड़ा करने का प्रस्ताव शासन को भेजा जा रहा है। वहीं रेलवे पटरी के आसपास पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था हेतु रेलवे अधिकारियों से भी चर्चा कर समाधान किया जाएगा।








