संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, राजिम।
समीपस्थ ग्राम बकली में प्रधानमंत्री सूर्याघर मुक्त बिजली योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र में ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की गई है। गरियाबंद जिले के ग्राम बकली के निवासी ओमप्रकाश साहू ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप पैनल लगवाकर न केवल अपने घर को ऊर्जा-संपन्न बनाया है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा के उपयोग की दिशा में भी प्रेरणादायक कदम उठाया है।
ओमप्रकाश साहू ने बताया कि उन्हें योजना की जानकारी स्थानीय बिजली विभाग से मिली। योजना के उद्देश्य और लाभों को समझने के बाद उन्होंने अपने घर की छत पर सोलर प्लांट स्थापित किया। मात्र 15 दिन के भीतर उन्हें केंद्र और राज्य सरकार द्वारा कुल ₹1,08,000 की सब्सिडी प्राप्त हुई।
उन्होंने कहा, “पहले हर महीने लगभग 4000 से 4500 रुपये का बिजली बिल चुकाना पड़ता था। अब मेरा बिजली बिल शून्य हो गया है। इतना ही नहीं, अतिरिक्त बिजली डिग्री में भेजी जा रही है, जिससे भविष्य में मुझे अतिरिक्त आय भी होगी। पहले लो वोल्टेज की समस्या से काफी परेशानी होती थी, अब यह समस्या दूर हो गई है।”
प्रधानमंत्री सूर्याघर योजना के तहत घरों की छतों पर स्थापित सोलर प्लांट की क्षमता के आधार पर सब्सिडी दी जाती है, जिससे आम नागरिकों को आर्थिक रूप से लाभ मिलता है। ओमप्रकाश साहू के इस प्रयास से ग्रामवासियों में उत्साह देखने को मिला है। उनके कार्यों की सराहना करते हुए ग्रामीणों ने उन्हें बधाई दी और इस पहल को प्रेरणादायक बताया।
यह योजना न केवल ऊर्जा खपत को कम कर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दे रही है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर और पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है।








