संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, राजिम। राजिम क्षेत्र के समीपस्थ ग्राम चौबेबाँधा से सिधौरी को जोड़ने वाली तकरीबन ढाई से तीन किलोमीटर लंबी एकल सड़क मार्ग गड्ढों और संकीर्णता के कारण राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। यह मार्ग वर्षों से चौड़ीकरण की प्रतीक्षा कर रहा है, लेकिन पिछले 25 वर्षों में कई सरकारें बदलने के बावजूद इसका समाधान नहीं हुआ।
राज्य गठन के बाद वर्ष 2000 में अजीत जोगी सरकार के समय डामरीकरण हुआ था, फिर डॉ. रमन सिंह सरकार में मरम्मत कार्य कराया गया। उसके बाद से सड़क की चौड़ाई और खराब होती गई। आज स्थिति यह है कि किसी चार पहिया वाहन के गुजरते ही दूसरे वाहन को रुककर रास्ता देना पड़ता है। बरसात में जगह-जगह पानी भरे गड्ढे राहगीरों और छात्रों के लिए और भी खतरा बन गए हैं।
मंगलवार को चौबेबाँधा के बैगा बाबा मंदिर के पास एक राहगीर अपनी माँ और पत्नी के साथ बाइक पर जा रहे थे। सड़क पर गड्ढे में चक्का फँसने से उनकी माँ गिर गईं और उन्हें चोट आई। यह घटना कोई पहली नहीं है; स्थानीय लोग बताते हैं कि रोजाना ऐसी दुर्घटनाएँ घटती हैं।
छात्रों की पढ़ाई प्रभावित:
दर्जनों गाँवों के छात्र-छात्राएँ इसी मार्ग से स्कूल व कॉलेज आते-जाते हैं। कीचड़ से सन जाने के कारण कई बार उन्हें स्कूल से छुट्टी लेनी पड़ती है। अभिभावकों में चिंता बढ़ती जा रही है। कई बार चौड़ीकरण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
कुंभकल्प मेला में बढ़ी परेशानी:
हाल ही में आयोजित कुंभकल्प मेला के दौरान सड़क पर भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिला। लाखों श्रद्धालु और यात्री संकरे मार्ग पर फँस गए। जबकि मेला स्थल पर सड़क निर्माण के लिए करोड़ों रुपए की राशि स्वीकृत हुई है, लेकिन पहुँच मार्ग की स्थिति जस की तस है।
प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपील:
राहगीरों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री अरुण साव, राजिम विधायक रोहित साहू तथा पीडब्ल्यूडी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से सड़क के चौड़ीकरण एवं मरम्मत कार्य हेतु तत्काल पहल की मांग की है।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी विभाग के मुख्य कार्यपालन अभियंता रामेश्वर सिंह ने बताया कि सड़क के लिए लगभग 9 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तावित है, लेकिन अभी तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही टेंडर जारी होगा। वहीं स्थानीय अधिकारियों से संपर्क करने पर प्रतिक्रिया नहीं मिली।
राहगीरों की चिंता:
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क चौड़ीकरण और मरम्मत का कार्य नहीं किया गया तो आने वाले समय में दुर्घटनाओं और यातायात अव्यवस्था में और वृद्धि होगी। छात्रों की पढ़ाई, आम नागरिकों की सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा के लिए सड़क का तत्काल सुधार आवश्यक है।








