संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में बिजली बिल को लेकर हड़कंप मचा हुआ है। आम नागरिक से लेकर गरीब मजदूर तक हर कोई बिजली विभाग की नई व्यवस्था से परेशान है। पहले जहाँ घरों में 300 से 400 रुपये का बिल आता था, अब वही बिल 800 से 1500 रुपये तक पहुँच गया है। बिल में अचानक वृद्धि से आमजन की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है और लोगों में गहरा असंतोष व्याप्त है।
ग्रामीणों और मजदूरों का कहना है कि बिजली बिल हाप योजना बंद होने के बाद यह संकट बढ़ गया है। एक तरफ वे दो वक्त की रोटी जुटाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ बढ़े हुए बिल ने उनके खर्चों का संतुलन बिगाड़ दिया है। महिलाओं ने बताया कि सरकार की महतारी वंदन योजना से मिलने वाली सहायता राशि भी बिजली बिल भरते ही समाप्त हो जाती है, जिससे परिवार का गुजारा मुश्किल हो गया है।
नगर के दुकानदारों, व्यापारियों और रिक्शा चालकों ने भी इस बढ़ोतरी पर चिंता जताई है। कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि बिजली कार्यालय में जाकर मदद मांगने पर उन्हें यह कहकर लौटा दिया जाता है कि योजना बंद हो चुकी है और अब पूरा बिल भरना होगा। इससे लोगों में रोष और बढ़ गया है।
लोगों की मुख्य बातें:
“बिल इतना ज्यादा आ रहा है कि पूरा पैसा भरते ही खत्म हो जाता है।”
“रोज कमाने-खाने वाले परिवारों के लिए यह बिल असहनीय हो गया है।”
“सरकार की योजनाओं का लाभ अब बोझ बनता जा रहा है।”
नगर के जिम्मेदार अधिकारियों से नागरिकों ने आग्रह किया है कि वे उपभोक्ताओं की समस्याओं को समझते हुए उचित समाधान प्रदान करें। साथ ही लोगों ने बिजली बिल में पारदर्शिता और राहत की मांग की है ताकि आमजन की आर्थिक स्थिति पर पड़ रहे असर को कम किया जा सके।








