संवाददाता तुकाराम कंसारी
सरपंच और सहयोगी पर कार्रवाई की माँग तेज – पुलिस में शिकायत दर्ज
@छत्तीसगढ लोकदर्शन नवापारा–राजिम। समीपस्थ ग्राम पंचायत तर्री में आज एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया, जिसने ग्रामीणों में गहरा आक्रोश भर दिया है। शीतला मंदिर के पास सड़क किनारे खड़े सैकड़ों वर्ष पुराने जीवित वट वृक्ष (बरगद) को ग्राम पंचायत तर्री की सरपंच एवं सतीष वर्मा द्वारा कटवाने का मामला प्रकाश में आया है। ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 04 एलपी 7120 में लादकर वृक्ष को ले जाया जा रहा था।
ग्रामीणों और पंचों ने जब इस अवैध कटाई का विरोध किया तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सरपंच पति लखन लाल सिन्हा ने कटाई कर रहे ट्रैक्टर को जबरन भगा दिया और सरपंच का बचाव किया। वहीं उपसरपंच विवेक शर्मा ने कार्य रोकने का प्रयास किया तो उन्हें गाली-गलौज का सामना करना पड़ा। यह घटनाक्रम ग्राम के पंचगण तथा बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने देखा और सुना।
ग्रामीणों का कहना है कि वट वृक्ष केवल पर्यावरण का हिस्सा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और जीवन का प्रतीक है। यह छाया, ऑक्सीजन और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे पवित्र वृक्ष को काटना न केवल पर्यावरण के लिए खतरा है, बल्कि समाज की आस्था पर भी गंभीर चोट है।
ग्रामीणों में नाराजगी इतनी बढ़ गई है कि उन्होंने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की माँग करते हुए स्थानीय पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उपसरपंच विवेक शर्मा सहित पंचगण और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रशासन से निवेदन किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएँ ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने कार्रवाई में देरी की तो उग्र विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा। यह घटना पर्यावरण संरक्षण और जन आस्था के खिलाफ गंभीर अपराध के रूप में देखी जा रही है।
हमारी टीम इस मुद्दे पर लगातार नज़र बनाए हुए है। आगामी कार्रवाई की खबर आपको जल्द ही दी जाएगी।








