संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, राजिम। गरियाबंद पुलिस एवं एसबीआई शाखा राजिम के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय राजीव लोचन कॉलेज में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कॉलेज के छात्र-छात्राओं को तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के तरीकों की जानकारी देना था।
थाना राजिम की पुलिस टीम ने छात्रों को समझाया कि किसी भी अनजान लिंक या एपीके फाइल को डाउनलोड न करें और अपने बैंक खाते को किराए पर देने जैसी गंभीर गलती कभी न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि “डिजिटल अरेस्ट” जैसी कोई प्रक्रिया अस्तित्व में नहीं है, यदि जांच होती है तो पुलिस सीधे सामने आकर कार्यवाही करती है। साथ ही, साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
एसबीआई टीम ने बैंकिंग सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं। उन्होंने छात्रों को अपने खाते की नियमित जांच करने, एटीएम का ओटीपी किसी से साझा न करने, ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान सावधानी बरतने और फर्जी ऑनलाइन जॉब ऑफर के झांसे से बचने की सलाह दी।
इस अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें डिजिटल युग में सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन मिला।








