@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, कुरुद। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कुरुद में 11 जुलाई को विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता एसडीएम नभसिंह कोसले ने की। संचालन प्राचार्य ग्लोरिया मिंज ने किया। बैठक में पढ़ाई, प्रशासन और आधारभूत सुविधाओं पर चर्चा हुई। पिछले सत्र के परीक्षा परिणामों की समीक्षा की गई। अभिभावक-शिक्षक बैठक के निष्कर्षों पर बात हुई। कमजोर छात्रों के लिए ऑफलाइन विशेष कक्षाएं चलाने का निर्णय लिया गया। सभी सदस्यों ने इसका समर्थन किया।

इको क्लब, वान महोत्सव, ग्रीन स्कूल अभियान और शाला प्रवेश के नवाचारों की जानकारी दी गई। पीटी-1 परीक्षा की रूपरेखा तय की गई। कक्षा 3 से 12 तक की परीक्षा केवीएस क्षेत्रीय कार्यालय के निर्देशानुसार होगी। कक्षा 10 का पाठ्यक्रम 30 अक्टूबर 2025 तक और अन्य कक्षाओं का 10 फरवरी 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया।

निर्माण कार्यों की स्थिति की समीक्षा हुई। प्रस्तावित वर्कशॉप भवन निर्माण की प्रगति पर चर्चा हुई। पीएम श्री योजना के तहत 2025-26 में सामग्री की खरीद के लिए तय दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। सभी सदस्यों ने इसका समर्थन किया। चर्रा मोड़ पर सड़क खोलने, मुख्य मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने, जल आपूर्ति सुधारने और विद्यालय परिसर की सुरक्षा के लिए रोज पुलिस गश्त की मांग पर चर्चा हुई।

इन प्रस्तावों को जल्द लागू करने के लिए प्रशासन से समन्वय का निर्णय लिया गया। बैठक में नायब तहसीलदार रामकुमार सिन्हा, पीएल जॉनसन, विद्यासागर चौहान, जीबी टंडन, ऋचा त्रिपाठी, गणेशराम कावड़े समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने विद्यालय हित में सुझाव दिए। छात्रों को हेड बॉय, हेड गर्ल, हाउस कैप्टन, स्पोर्ट्स कैप्टन जैसे दायित्व सौंपे गए। एसडीएम नभ सिंह कोसले ने उन्हें बैज पहनाकर सम्मानित किया।








