संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। छत्तीसगढ़ के विकास पथ पर एक और मील का पत्थर जुड़ने जा रहा है। लंबे इंतजार के बाद अब नवापारा–राजिम से रायपुर बड़े रेलवे लाइन का संचालन 18 सितंबर से शुरू हो जाएगा। यह अवसर केवल एक ट्रेन का उद्घाटन नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों की वर्षों की अपेक्षा और सुविधा का सपना साकार होने जैसा है।
मुख्यमंत्री करेंगे हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ
18 सितंबर को सुबह 11 बजे राजिम रेलवे स्टेशन से मेमू ट्रेन का शुभारंभ किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वयं हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना करेंगे। उनके साथ रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महासमुंद सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, राजिम विधायक रोहित साहू, भाजपा प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, पूर्व कैबिनेट मंत्री चंद्रशेखर साहू सहित कई गणमान्य नागरिक और क्षेत्र के प्रतिष्ठित लोग उपस्थित रहेंगे।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की बड़ी पहल
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महामंडल की सलाहकार समिति के सदस्य विजय गोयल ने इस अवसर पर कहा –
“यह दिन पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का दिन है। नवापारा-राजिम और आसपास के अंचलवासियों की वर्षों की मांग अब पूरी हो रही है। यात्रियों की सुविधा, व्यापार और संपर्क में यह ट्रेन नई ऊर्जा भरेगी। साथ ही रेलवे टिकट आरक्षण केंद्र भी उसी दिन से प्रारंभ कर दिया जाएगा जिससे आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।”
अंचलवासियों से विशेष अपील
श्री गोयल ने सभी क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इस ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा बनने की अपील की है। यह केवल एक ट्रेन नहीं – यह अंचल की प्रगति, सुविधा और सम्मान की दिशा में एक बड़ा कदम है।
18 सितंबर – आपके लिए एक नया सफर, नए अवसर और नया उत्साह!
आइए, इतिहास के इस पल में साथ दें और इसे यादगार बनाएं। नवापारा–राजिम से रायपुर की इस मेमू ट्रेन के साथ चलिए विकास की नई पटरी पर!
