संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। केंद्र सरकार द्वारा संसद में प्रस्तुत आम बजट को नगर पालिका परिषद नवापारा राजिम के सभापति सचिन सचदेव ने देश के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट वर्तमान जरूरतों के साथ-साथ भविष्य की चुनौतियों और संभावनाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो आने वाले वर्षों में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की मजबूत आधारशिला साबित होगा।
श्री सचदेव ने कहा कि यह बजट “विकसित भारत 2047” के संकल्प को साकार करने वाला बजट है, जिसमें दीर्घकालिक और सतत विकास के लिए स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत किया गया है। सरकार की नीतियों में केवल तात्कालिक लाभ नहीं, बल्कि आने वाले पच्चीस वर्षों की आर्थिक और सामाजिक मजबूती को ध्यान में रखा गया है।
उन्होंने कहा कि बजट में समावेशी विकास, रोजगार सृजन, तकनीकी नवाचार और आर्थिक मजबूती को प्राथमिकता दी गई है। विशेष रूप से शिक्षा और डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रावधान सराहनीय हैं। आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में तकनीकी शिक्षा, डिजिटल कौशल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने से युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे और स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिलेगा।
सभापति सचदेव ने कहा कि बजट में गरीब, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग सभी का विशेष ध्यान रखा गया है। किसानों की आय बढ़ाने, कृषि क्षेत्र को सशक्त करने, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के लिए किए गए प्रावधान सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाते हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर विशेष जोर से सड़क, रेल, आवास और शहरी सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की झलक इस बजट में स्पष्ट दिखाई देती है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना को आगे बढ़ाते हुए यह बजट हर वर्ग के उत्थान और कल्याण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
श्री सचदेव ने आगे कहा कि आर्थिक सुधारों, वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता पर सरकार का जोर भारत को वैश्विक स्तर पर एक मजबूत अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करेगा। निवेश और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलने से देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
अंत में उन्होंने कहा कि यह बजट देश को आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम निश्चित रूप से दिखाई देंगे।
