@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, कुरुद। सड़क पर लापरवाही और तेज रफ्तार का एक और दर्दनाक उदाहरण कुरुद थाना क्षेत्र में सामने आया, जहां एक तेज रफ्तार हाईवा की ठोकर ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शादी समारोह से लौट रहे तीन बाइक सवारों को हाईवा ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सकरी निवासी रमेश साहू (52 वर्ष) अपने साथियों दव्वा राम साहू और बिसे लाल साहू के साथ शादी समारोह में शामिल होकर भखारा की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। रात के समय जब वे भखारा रोड स्थित थुहा पुल के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा (CG08 AE 4358) ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को सिविल अस्पताल कुरुद पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रमेश साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं बिसे लाल साहू की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है, जबकि दव्वा राम साहू को हल्की चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही कुरुद पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवा को जब्त कर लिया, लेकिन वाहन चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही और तेज गति पहले भी दुर्घटनाओं का कारण बन चुकी है, लेकिन प्रभावी नियंत्रण के अभाव में खतरा लगातार बना हुआ है।

