@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा/गोबरा नवापारा। गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सोठ में मंगलवार शाम एक हृदयविदारक हादसे में 80 वर्षीय किसान सामोधी राम साहू की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सामोधी राम साहू अपने खेत में काम करने गए थे। शाम करीब 4 बजे वे बोर का स्टार्टर चालू कर रहे थे, तभी अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गए और खेत में ही गिर पड़े। परिजनों एवं ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार खेत में बरसात के कारण नमी होने से बोर के स्टार्टर में करंट प्रवाहित हो गया, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस टीम ने घटनास्थल पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया मौत का कारण करंट लगना माना जा रहा है।
बरसात में बिजली से रहें सतर्क
यह हादसा बरसात के मौसम में विद्युत सुरक्षा के महत्व को एक बार फिर उजागर करता है। विशेषज्ञों के अनुसार गीले हाथों से किसी भी विद्युत उपकरण को नहीं छूना चाहिए। खुले या क्षतिग्रस्त स्विच, खराब वायरिंग तथा टूटे या झूलते बिजली के तार जानलेवा साबित हो सकते हैं। ऐसे स्थानों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल बिजली विभाग को सूचना दें। थोड़ी-सी सावधानी एक अनमोल जीवन बचा सकती है।








