@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, गरियाबंद/राजिम। गरियाबंद जिले के नगर पंचायत कोपरा में रविवार को दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। घर के बाहर खेल रहे मासूम भाई-बहन की पानी से लबालब भरे गहरे घुरवा (कचरा निस्तारण) गड्ढे में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक ही परिवार के दो मासूम चिराग बुझ जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तर्रा रोड निवासी बिसेलाल साहू के पोते योगेश साहू और पोती सुमन साहू रविवार को घर के बाहर खेल रहे थे। खेलते-खेलते दोनों पास स्थित गहरे घुरवा गड्ढे तक पहुंच गए। लगातार हो रही बारिश के कारण गड्ढे में करीब 10 से 12 फीट तक पानी भर गया था। आशंका है कि इसी दौरान दोनों का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में समा गए।
जब काफी देर तक दोनों बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों के सहयोग से आसपास खोजबीन की गई। कुछ देर बाद दोनों बच्चों के शव उसी गहरे गड्ढे से बरामद किए गए। ग्रामीणों ने तत्काल बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और दोनों की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
इस दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश और दुख है। लोगों का कहना है कि यदि ऐसे गहरे और खुले घुरवा गड्ढों की समय रहते घेराबंदी कर चेतावनी बोर्ड लगाए गए होते तो दो मासूमों की जान बचाई जा सकती थी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जिले भर में खुले पड़े खतरनाक गड्ढों की तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसा असहनीय दर्द न झेलना पड़े।
पीड़ित परिवार को सहायता की मांग
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मृतक बच्चों के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता और राहत प्रदान करने की मांग भी की है। एक साथ भाई-बहन की असामयिक मौत ने पूरे कोपरा क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। हर आंख नम है और हर जुबान पर यही सवाल है कि आखिर ऐसी लापरवाही की कीमत मासूम बच्चों को कब तक चुकानी पड़ेगी?








