@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, कुरूद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर पंचायत कुरूद प्रशासन द्वारा शनिवार को स्वामी विवेकानंद मंगल भवन में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में नगरवासियों ने सहभागिता कर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने समस्त नगरवासियों एवं अधिकारी-कर्मचारियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री के प्रयासों से वैश्विक पहचान मिली है। यह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।

कार्यक्रम की विशेष आकर्षण दर्रा और खर्रा क्षेत्र के योगाभ्यास से जुड़े विद्यालय की छात्राएं हिमांशी साहू और रागिनी साहू रहीं। दोनों नन्हीं बहनों ने अपनी शानदार योग प्रस्तुति से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया और पूरे वातावरण को उल्लासमय बना दिया। उनकी प्रतिभा से प्रभावित होकर नपा अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने घोषणा की कि आगामी 15 अगस्त को नगर के मुख्य समारोह मंच से दोनों बालिकाओं को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने नगर क्षेत्र में योग के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर समर्पित परिवार के प्रति भी नगरवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।
नगर पालिका अध्यक्ष ने सभी से आह्वान करते हुए कहा कि “आओ हम सब योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और ‘करें योग, रहें निरोग’ के संकल्प को साकार करते हुए स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाएं।”
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के इस आयोजन ने कुरूद नगर में स्वास्थ्य, अनुशासन और भारतीय संस्कृति के प्रति नई जागरूकता का संदेश दिया।








