संवाददाता तुकाराम कंसारी
मनोरम दृश्य देखने उमड़े श्रद्धालु और पर्यटक, प्रशासन ने की सुरक्षा की अपील
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। छत्तीसगढ़ की प्रयागराज के नाम से विख्यात राजिम त्रिवेणी संगम में इन दिनों जलस्तर में अभूतपूर्व वृद्धि देखी जा रही है। महानदी, पैरी और सोदूर नदी के संगम स्थल पर पानी लबालब भर जाने से सुप्रसिद्ध श्री कुलेश्वर नाथ महादेव मंदिर चारों ओर से जलमग्न हो गया है।
बारिश और बढ़ते जलस्तर से उपजा यह अद्भुत नजारा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। कई वर्षों बाद कुँवर माह में संगम का ऐसा भव्य और दिव्य दृश्य देखने को मिला है, जिसे देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से लोगों की भीड़ उमड़ रही है।
पिछले दो दिनों से गरियाबंद जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित है। वहीं, सीकासार जलाशय से लगभग 5 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद पैरी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है, जिसका सीधा असर त्रिवेणी संगम पर दिखाई दे रहा है।
स्थानीय प्रशासन ने जलभराव वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं और श्रद्धालुओं से एहतियात बरतने की अपील की है।
यह दृश्य न केवल प्रकृति की अनुपम सुंदरता को दर्शाता है बल्कि राजिम की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को भी पुनः उजागर करता है।








