@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, धमतरी। छत्तीसगढ़ में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। धमतरी जिले के ग्राम आछोटा से जुड़े विवाद ने पार्टी की नींव हिला दी है। सोमवार को 400 से ज्यादा भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से अपना इस्तीफा पार्टी कार्यालय में सौंप दिया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेतृत्व के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जोरदार नारेबाजी की और “भाजपा मुर्दाबाद” के नारे भी लगाए।
मामला ग्राम आछोटा से जुड़ा है, जहाँ भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ता पिछले काफी समय से गांव के पूर्व उप सरपंच और सरपंच पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगा रहे थे। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें प्रशासन तथा भाजपा मंडल दोनों के सामने कई बार रखी गईं, लेकिन केवल आश्वासन ही मिले। कोई ठोस कार्रवाई न होने से कार्यकर्ताओं में भारी असंतोष फैल गया।
निराश कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर धमतरी भाजपा कार्यालय का रुख किया। वहाँ घंटों तक पदाधिकारियों का इंतजार किया गया, परंतु कोई नेता सामने नहीं आया। इस अनदेखी से गुस्साए कार्यकर्ताओं ने कार्यालय में जोरदार नारेबाजी करते हुए जिलाध्यक्ष के नाम सामूहिक इस्तीफा कार्यालय की दीवार पर चिपकाया और बिना किसी बातचीत के लौट गए।
इस घटना ने पार्टी के अंदर व्याप्त असंतोष और नेतृत्व की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि समय रहते कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया तो यह असंतोष पार्टी की जड़ें कमजोर कर सकता है।
ग्राम आछोटा की यह घटना न केवल स्थानीय राजनीति में उथल-पुथल का संकेत है, बल्कि भाजपा के संगठनात्मक ढांचे पर भी गहरा प्रभाव डाल सकती है। अब देखना यह है कि पार्टी नेतृत्व इस संकट से कैसे निपटेगा और कार्यकर्ताओं का विश्वास दोबारा कैसे जीत पाएगा।








