संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा-राजिम। अंचल के लोगो की बहुप्रतीक्षित मांग एक लंबे अंतराल के पश्चात पूरी होने जा रही है. यहां के व्यापार को अब पंख लगेंगे.खबर के मुताबिक राजिम से ट्रेन का संचालन होने जा रहा है.लोगों के लिए यह एक बड़ी खुशखबरी है। लोगों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है.अब राजिम तक सीधी लोकल ट्रेन सेवा शुरू होने वाली है। रेल मंत्रालय ने रायपुर रेल मंडल को इसकी औपचारिक अनुमति दे दी है। यह ट्रेन रायपुर से अभनपुर होते हुए राजिम तक चलेगी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने हाल ही में राजिम रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया था। यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ कमियों को चिन्हित कर जल्द सुधार के निर्देश दिए गए हैं। मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक ये सुधार काम जैसे ही पूरे होंगे, ट्रेन अगस्त-सितंबर तक चलने की संभावना है। राजिम में पहले नैरोगेज लाइन थी, जिसे अब ब्रॉडगेज लाइन में बदला गया है। साथ ही राजिम स्टेशन का निर्माण भी पूरा हो चुका है। ट्रेन सेवा शुरू होने के बाद रायपुर से रेलवे राजिम की यात्रा आसान और किफायती हो जाएगी। राजिम त्रिवेणी संगम के लिए प्रसिद्ध है, जहां देश-प्रदेश से लोग अस्थि विसर्जन और पूजा-अनुष्ठान के लिए आते हैं। इसी वजह से इसे छत्तीसगढ़ का प्रयागराज कहा जाता है। रेल प्रशासन जल्द ही ट्रेन संचालन की तारीख की घोषणा करेगा। इससे धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी और यात्रियों को भी सुविधा होगी।
तीन मेमू ट्रेनों का संचालन कुछ इस तरह से होगा
पहली सेवा- रायपुर से प्रस्थान: 04:45 बजे, राजिम आगमन: 06:20 बजे, राजिम से वापसी: 06:45 बजे, रायपुर वापसी: 08:02 बजे
दूसरी सेवा- रायपुर से प्रस्थान: 09:00 बजे, राजिम आगमन: 10:35 बजे, राजिम से वापसी: 11:10 बजे, रायपुर वापसी: 11:45 बजे
अंतिम सेवा- रायपुर से प्रस्थान: 16:20 बजे, राजिम आगमन: 18:00 बजे, राजिम से वापसी: 19:20 बजे, रायपुर वापसी: 20:15 बजे.








