संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, राजिम। देशभक्ति और गौरव का क्षण तब आया, जब बकली गांव के होनहार बालाराम मारकंडे ने बीएसएफ की ट्रेनिंग पूरी कर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में चयनित होकर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया। उनके इस उपलब्धि पर पूरे गांव में उत्साह और गर्व की लहर दौड़ गई।
ग्रामवासियों ने बालाराम के सम्मान में गाजे-बाजे और भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया। जन्मभूमि पर उनके आगमन के समय पटाखों की गूंज, फूल-मालाओं की वर्षा और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। इस दौरान ग्रामीणों ने उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
बालाराम के पिता चरण मारकंडे और भाइयों दिलीप मारकंडे व चेतन मारकंडे ने बेटे की इस सफलता को परिवार और गांव के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है।
सम्मान समारोह में सरपंच प्रतिनिधि हीराधर साहू, ओमप्रकाश साहू, मालिकराम, जीतू खुटे, लेखचंद, संजय साहू, दिनेश साहू, दिलीप, हरीश तारक, गणपत तारक, कमल देवांगन, गंगा यादव, अमरदास मिरी, मुकेश मिरी, भूपेंद्र यादव, तुलादास, मुकेश पुरेना, नेमीचंद पटेल, शंकर पटेल, प्रवीण सेन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
गांव के बुजुर्गों और युवाओं ने एक स्वर में कहा कि यह केवल बकली गांव का नहीं, बल्कि पूरे जिले का सम्मान है, क्योंकि इस वर्ष जिले से केवल एक नाम का चयन हुआ है। बालाराम अब देश की सीमाओं और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में अपना योगदान देंगे, जो युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा है।








