संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, राजिम। राजिम विधानसभा क्षेत्र की वर्षों से लंबित और जनता की अत्यंत आवश्यक मांग अब पूर्ण होने जा रही है। क्षेत्र की उपेक्षित और जर्जर सड़कों को सुदृढ़ करने के लिए राज्य सरकार ने 10 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। यह उपलब्धि क्षेत्र के विधायक रोहित साहू के निरंतर प्रयासों का परिणाम बताई जा रही है।
विधायक रोहित साहू ने बताया कि मड़वाडीह–सिर्रीखुर्द सड़क (10.05 किमी) के सुदृढ़ीकरण के लिए 1 करोड़ 71 लाख 63 हजार रुपये और छुरा ब्लॉक अंतर्गत खरखरा–रसेला मार्ग (18.71 किमी) के मजबूतीकरण हेतु 3 करोड़ 18 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र की अन्य सड़कों की पेंच मरम्मत के लिए 5 करोड़ 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे गड्ढामुक्त सड़कें जनता को उपलब्ध कराने में तेजी आएगी।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार जर्जर सड़कों के कारण आवागमन अत्यंत कठिन हो गया था। धूल और असमतल मार्गों से दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती थी। अब स्वीकृति मिलते ही क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जागी है और लोगों में उत्साह का माहौल है।
“डबल इंजन सरकार में डबल रफ्तार से विकास” — विधायक साहू
विधायक रोहित साहू ने कहा—
“यह सिर्फ सड़क निर्माण नहीं, बल्कि क्षेत्र की समृद्धि का मार्ग है। जनता से किए वायदे धरातल पर उतारने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। डबल इंजन की सरकार सुशासन और विकास को गति दे रही है। यह स्वीकृति दर्शाती है कि जब केंद्र और राज्य मिलकर काम करते हैं तो परिणाम तेजी से सामने आते हैं।”
उन्होंने इस स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं अरुण साव, तथा वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया।
जनता में हर्ष…
क्षेत्रवासियों ने कहा कि खराब सड़कों ने लंबे समय से जीवन को प्रभावित किया है। अब जल्द ही सुगम और सुरक्षित यात्रा उपलब्ध होगी। जनप्रतिनिधियों ने विधायक रोहित साहू को जनहितैषी प्रयासों के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि क्षेत्र विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है।








