संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, राजिम। राजिम स्थित महानदी पुल इन दिनों गंभीर खतरे का कारण बनता जा रहा है। पुल की सड़क पर दोनों ओर भारी मात्रा में रेत जमा हो जाने से यातायात बाधित हो रहा है और दुर्घटना की आशंका लगातार बढ़ती जा रही है। स्थानीय नागरिकों और दोपहिया वाहन चालकों में भय का माहौल है, क्योंकि रेत के कारण वाहन फिसलने या चक्का धंसने की स्थिति बन रही है।
स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पुल पर स्टॉपर लगाकर यातायात को एकतरफा कर दिया है, लेकिन यह व्यवस्था पर्याप्त साबित नहीं हो रही। विशेष रूप से रायपुर की ओर से आने वाले दोपहिया चालकों को अधिक खतरा बना हुआ है। रेत के ढेरों के बीच से गुजरना जोखिम भरा हो गया है और जरा-सी चूक भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
वर्तमान में राजिम में मेला चल रहा है, जिससे पुल पर वाहनों का दबाव पहले से कहीं अधिक है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग दोपहिया वाहनों से ही आवागमन करते हैं, ऐसे में पुल की यह स्थिति किसी बड़ी त्रासदी को न्योता देती प्रतीत हो रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या कई दिनों से बनी हुई है। दो दिन पहले संबंधित विभाग द्वारा रेत का कुछ हिस्सा हटाया गया, लेकिन अभी भी बड़ी मात्रा में रेत सड़क पर पड़ी है। लोगों ने पीडब्ल्यूडी और नेशनल हाईवे अथॉरिटी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते समुचित कार्रवाई नहीं की गई तो बड़ा हादसा हो सकता है।
नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल रेत हटाकर पुल को सुरक्षित बनाने की मांग की है। लोगों का सवाल है कि क्या विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है? यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो किसी भी संभावित हादसे की जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।








