@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, राजिम। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर राजिम अंचल में सुबह से ही पर्व का उल्लास चरम पर रहा। 9 अगस्त को सुबह 8:26 बजे तक के शुभ मुहूर्त में बहनों ने अपने भाइयों की कलाइयों पर राखी बांधी, मिठाई खिलाई और भाइयों से स्नेह-भरे उपहार प्राप्त किए।

भद्रा काल समाप्त होने के बाद शहर से लेकर अंचल के गाँवों तक बड़ी संख्या में बहनों ने भाइयों को राखी बांधने का क्रम जारी रखा। सुबह, दोपहर, शाम और देर रात तक रक्षाबंधन का उत्सव निरंतर चलता रहा। बाजार और सड़कों पर पूरे दिन रौनक बनी रही।
विशेष धार्मिक आयोजन…
भगवान राजीव लोचन मंदिर में भी शुभ मुहूर्त के अनुसार रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया। भगवान की विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती के साथ श्रद्धालुओं ने भगवान को राखी अर्पित की। किसान भाइयों ने अपने कृषि औजारों को राखी बांधकर समृद्धि की कामना की, वहीं घरों में विराजित भगवान की मूर्तियों, वाहनों और अन्य प्रिय वस्तुओं पर भी राखियां सजाईं गईं।
पर्व में उमड़ी भीड़…
शनिवार की तरह ही इस दिन भी बाजारों और मार्गों पर भारी भीड़ रही। भाई-बहन के अटूट रिश्ते को दर्शाता यह पर्व पूरे अंचल में धूमधाम, भक्ति और भावनात्मक बंधन के साथ मनाया गया।








