संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन,नवापारा राजिम। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नवापारा में तिरंगा झंडा फहराकर राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया गया। इस दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेजेंद्र साहू ने एक सराहनीय पहल करते हुए अस्पताल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्टाफ सदस्यों का मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मान किया।
सम्मानित होने वालों में फार्मासिस्ट दुष्यंत साहू, एमएलटी राम अवतार यदु, स्टाफ नर्स श्रीमती टिकेश्वरी बघेल, श्रीमती डिंपल विनायक, श्रीमती देवकी साहू, डाटा ऑपरेटर महेंद्र साहू, रेडियोग्राफर रेवा राम ध्रुव, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महेंद्र दीवान, आया दीदी विमला देवांगन एवं वार्ड सहायक रवि यादव प्रमुख रहे।
इस अवसर पर डॉ. तेजेंद्र साहू ने कहा – “रोगियों की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। आप सभी का समर्पण और ईमानदारी स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ है। आने वाले समय में यह सम्मान की परंपरा जारी रहेगी ताकि प्रत्येक कर्मी को प्रेरणा मिलती रहे।”
कार्यक्रम में सीएचसी परिवार सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने इस पहल की सराहना की। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वास्थ्यकर्मियों के सम्मान ने जहां उन्हें नई ऊर्जा दी, वहीं समाज के सामने कर्तव्यपरायणता का प्रेरक उदाहरण भी प्रस्तुत किया।








