संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, रायपुर/राजिम। रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल द्वारा 68766/68767 रायपुर-राजिम-रायपुर मेमू पैसेंजर नई सेवा का शुभारंभ 18 सितम्बर, 2025 से राजिम रेलवे स्टेशन से किया जाएगा। साथ ही, रायपुर एवं अभनपुर के बीच संचालित 68760/68761 एवं 68762/68763 मेमू पैसेंजर ट्रेन का परिचालन अब राजिम तक विस्तारित कर दिया गया है, जिससे क्षेत्रीय यात्रियों को नई सुविधा प्राप्त होगी।
रेल प्रशासन ने बताया कि नई सेवा का उद्देश्य रायपुर और राजिम के बीच बेहतर संपर्क, आवागमन में सरलता तथा यात्रियों की बढ़ती आवश्यकताओं को पूरा करना है। यह गाड़ी प्रतिदिन दोनों छोर से संचालित होगी और यात्रियों को नियमित समय सारणी के अनुसार सेवा प्रदान करेगी।
नई सेवा का विवरण:
- ✔ गाड़ी संख्या – 68766 रायपुर-राजिम मेमू पैसेंजर
- ✔ गाड़ी संख्या – 68767 राजिम-रायपुर मेमू पैसेंजर
- ✔ संचालन प्रारंभ – 18 सितम्बर, 2025 (शुभारंभ)
- ✔ नियमित संचालन – 19 सितम्बर, 2025 से
- ✔ कोच – 06 सामान्य श्रेणी + 02 पावरकार = कुल 08 कोच
रेल प्रशासन ने बताया कि इस सेवा से न केवल स्थानीय यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि राजिम क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और संपर्क बढ़ाने में भी मदद होगी। यात्रियों को सुगम, समयबद्ध एवं सुरक्षित यात्रा की सुविधा देने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ की जा रही हैं।
📜 समय सारणी (19 सितम्बर 2025 से लागू)
गाड़ी संख्या मार्ग आगमन प्रस्थान
68766 रायपुर → राजिम 05:03 मंदिर हसौद, 05:15 सीविधी नया रायपुर, 05:30 केंद्री, 05:43 अभनपुर, 05:56 मानिक चौरी हाल्ट, 06:20 राजिम 04:45 रायपुर से
68767 राजिम → रायपुर 07:13 अभनपुर, 06:59 मानिक चौरी हाल्ट, 07:26 केंद्री, 07:41 सीविधी नया रायपुर, 07:52 मंदिर हसौद, 08:20 रायपुर 06:45 राजिम से
(समय सारणी स्थानीय स्टेशन पर लागू होगी, यात्रा से पहले यात्रियों से संपर्क कर जानकारी प्राप्त करें।)
राजिम स्टेशन पर रेल सेवा शुभारंभ की तैयारियों का मंडल रेल प्रबंधक ने लिया जायजा
नवापारा राजिम। रायपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद ने आज राजिम रेलवे स्टेशन पर दिनांक 18 सितंबर 2025 को राजिम से रायपुर के मध्य रेल सेवा के शुभारंभ की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्य अतिथियों, जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों के लिए पार्किंग व्यवस्था, स्वागत मंच, बैठने की व्यवस्था, एलईडी स्क्रीन, कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

श्री दयानंद ने रेलवे शिष्टाचार के अनुरूप कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि 18 सितंबर 2025 को सुबह 11 बजे राजिम–रायपुर रेल सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा, जिसमें माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना करेंगे। साथ ही स्थानीय सांसद, विधायक तथा अन्य जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल होकर क्षेत्रवासियों का उत्साहवर्धन करेंगे। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनने की अपील की।
इस निरीक्षण में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अवधेश कुमार त्रिवेदी, संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियर, सुपरवाइजर, निरीक्षक तथा मुख्य स्टेशन प्रबंधक सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
रेल प्रशासन ने बताया कि राजिम जैसे धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल का ब्रॉड गेज नेटवर्क से जुड़ना क्षेत्रीय विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल सेवा का लाभ मिलेगा। साथ ही व्यापार, कृषि, तीर्थाटन और पर्यटन क्षेत्र को नई ऊर्जा मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान होगी।








