@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, रायपुर। राजधानी रायपुर के नजदीकी खरोरा थाना क्षेत्र के सिर्री गांव में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सिर्री गांव के पास उस समय हुआ जब दो बाइकें तेज रफ्तार में एक-दूसरे से टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में घायल हुए तीसरे युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, लेकिन पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।








