@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, राजिम। धर्म नगरी राजिम का प्रसिद्ध मंदिर बाबा गरीबनाथ महादेव में सावन के चौथे सोमवार को जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालु उमड़ पड़े थे। सुबह से ही पंडितों के द्वारा मंत्रोचार किया जा रहा था। त्रिवेणी संगम से जल उठाने से पहले विद्वान पंडितों के द्वारा पूजा अर्चना किया गया, तत्पश्चात संगम नदी से लेकर महादेव के मंदिर तक हजारों की संख्या में श्रद्धालु खड़े होकर बाल्टी से जल एक दूसरे के हाथ में देते रहे और इस तरह से महादेव का अभिषेक होता रहा।
इस दौरान राजिम विधायक रोहित साहू ने सपरिवार कतार में खड़ा होकर पानी एक दूसरे से पास करते रहे और पूजन अभिषेक में भी सम्मिलित हुए। बाबा गरीबनाथ की जयकारा हो रही थी और लोग हर हर महादेव का भी जय घोष कर रहे थे। उपस्थित श्रद्धालुओं को पुड़ी और बालूसाय का प्रसाद वितरण किया गया। रानी श्यामकुमारी देवी धर्मशाला में बड़ी भीड़ बन गई थी। बैरिकेड लगाए गए थे उसी के अनुसार एक ओर महिला तथा दूसरे ओर पुरुष चलकर प्रसाद ले रहे थे। श्री राजीवलोचन कुलेश्वरनाथ बोल बम कांवरिया संघ के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य व्यवस्था को सुगम बनाने में जुटे हुए थे। भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती भी थी।
विधायक रोहित साहू ने क्षेत्र के खुशहाली की कामना किया
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में राजिम विधायक रोहित साहू, महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, प्रदेश के प्रथम पंचायत ग्रामीण विकास मंत्री तथा पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल, जिला पंचायत सदस्य इंद्रजीत महाड़िक, नगर पंचायत के अध्यक्ष महेश यादव, जनपद पंचायत फिंगेश्वर के पूर्व अध्यक्ष राघोबा महाड़िक, नगर पंचायत के उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, भाजपा मंडल राजिम के अध्यक्ष रिकेश साहू, जिला पंचायत के पूर्व सदस्य एवं भाजपा के महामंत्री चंद्रशेखर साहू, भाजपा के वरिष्ठ नेता श्याम अग्रवाल, विकास तिवारी, नगर पंचायत के पार्षदगण तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। अपने मंचीय उद्बोधन में विधायक रोहित साहू ने कहा कि बाबा गरीबनाथ से क्षेत्र की खुशहाली की कामना करता हूं। हमारा राजिम विधानसभा क्षेत्र विकास में सबसे आगे रहे। प्रदेश की विष्णु सरकार ने आम जनता के उत्थान एवं जन कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है जिसका लाभ लेकर न सिर्फ राजिम विधानसभा क्षेत्र बल्कि पूरा छत्तीसगढ़ नित विकास कर रहे हैं। विधायक रोहित साहू हनुमान जी का गदा भी हाथ में रखे हुए थे। इस अवसर पर अधिकांश अतिथिगण एवं श्री राजीवलोचन कुलेश्वर नाथ बोल बम कांवरिया संघ के सदस्यगण गेरवा वस्त्र पहने हुए थे। जो देखते ही बन रही थी। मंच का संचालन लाला साहू ने किया। प्रमुख रूप से सागर निषाद, राजेश सोनकर, अमर सिंह ठाकुर, लाला साहू, बंटी सहिस, सुनील देवांगन, घनश्याम साहू, राजा पारख इत्यादि पदाधिकारी एवं सदस्यगण व्यवस्था को संभाले हुए थे।
आरु साहू को सुनने लगी भीड़
मंदिर से लगा हुआ सुभाष चौंक में हर वर्ष की भांति इस बार भी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस वर्ष प्रसिद्ध लोक गायिका आरू साहू ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किया। झांकी को देखकर दर्शक ताली बजाते रहे। जैसे ही जांजगीर के चंदवा बैगा… भजन प्रस्तुत किया, उसके बाद तो देवी चढ़ने वाली की भीड़ लग गई। लोग घंटे भर झूमते रहे और शिवजी तथा देवी भजन का आगाज होता रहा। इन्हें देखने के लिए हजारों की संख्या में भीड़ बनी हुई थी। दूर-दूर तक लोग बैठकर सांस्कृतिक कार्यक्रम का मजा लूट रहे थे। यहां तक की अपने घरों के छत में बैठकर भी आरु साहू के कार्यक्रम देख रहे थे।
राजिम में शिव भक्तों का लगा रेला
सावन के चौथे सोमवार होने के कारण धर्म नगरी राजिम में शिव भक्तों का रेला लग गया था। हर तरफ गेरवा वस्त्र पहने हुए शिव भक्त दिखाई दे रहे थे। जगह-जगह खीर पुरी का प्रसाद वितरण किया जा रहा था। एक पुजारी ने बताया कि आज अर्थात सोमवार को तकरीबन 1 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा कुलेश्वरनाथ महादेव का दर्शन किया है। इसके चलते शहर के सभी शिव मंदिर राजराजेश्वर नाथ महादेव, दान दानेश्वर नाथमहादेव, सोमेश्वर नाथ महादेव, बाबा गरीब नाथ महादेव, बटुकेश्वर नाथ महादेव, भूतेश्वर नाथ महादेव, पंचेश्वरनाथ महादेव इत्यादि में घंटियों की झंकार से शिवमय हो गया था। इसके अलावा प्रमुख मंदिर भगवान राजीवलोचन, जगन्नाथ मंदिर, नरसिंह अवतार मंदिर, वामन अवतार मंदिर, वराह अवतार मंदिर, बद्रीनारायण मंदिर, साक्षी गोपाल मंदिर में सुबह से लेकर शाम और रात तक भीड़ देखने को मिल रही थी। इसके चलते राजिम शहर के सभी सड़कें शिव भक्तों से भर गया था। शहर के पंडित सुंदरलाल शर्मा चौंक में इवेंट के कार्यक्रम हो रहे थे जिसमें युवाओं की संख्या बहुत ज्यादा थी।