संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा/अभनपुर। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जिला रायपुर के मार्गदर्शन में संचालित अभनपुर के निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण केंद्र से तैयार होकर भारतीय थल सेना में अग्निवीर के रूप में चयनित हुए जुड़वा भाई झम्मन और झामेश्वर तारक का शनिवार को नगर व ग्रामवासियों ने जोशीला स्वागत किया। आर्टी सेंटर हैदराबाद में प्रशिक्षण पूर्ण कर 6 दिसंबर 2025 को दोनों वीर जब रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, तो हवलदार राकेश कुमार सोनी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

डीजे के साथ हुआ गौरव यात्रा का आयोजन
रायपुर से कोलर चौक और वहां से उनके गृहग्राम सारखी तक डीजे व बैंड बाजों के साथ भव्य स्वागत रैली निकाली गई। पूरे मार्ग में लोग देशभक्ति गीतों और वंदेमातरम् के नारों से वातावरण गूंजाते रहे। जगह-जगह महिलाओं ने थाल सजाकर आरती उतारी और पुष्प वर्षा कर जवानों को सम्मान दिया।
क्षेत्र में उमड़ा गर्व और उत्साह
गांव में प्रवेश करते ही पूरा क्षेत्र अभूतपूर्व गौरव और रोमांच से भर उठा। ग्रामीणों ने कहा —
“हमारे गांव के बेटे अब देश की रक्षा करेंगे, यह हम सबके लिए सम्मान का दिन है।”

सैन्य प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षकों की अहम भूमिका
इन दोनों युवक भाइयों की राष्ट्रीय सेवा यात्रा में सैन्य प्रशिक्षण केंद्र अभनपुर के प्रशिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्वागत समारोह में मुख्य रूप से नायक योगेश कुमार साहू, नायक कमलनारायण मिश्रा, हवलदार ओमप्रकाश साहू, हवलदार (एजुकेशन) थलेंद्र साहू उपस्थित रहे, साथ ही प्रशिक्षणार्थी बच्चे और अभिभावक भी आनंद व गौरव में सम्मिलित हुए।
सामाजिक प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
धीवर समाज परगना अभनपुर अध्यक्ष वेदव्यास तारक, समाज के वरिष्ठजन एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर नव–अग्निवीरों को आशीष और शुभकामनाएँ प्रदान की।
यह स्वागत महज़ सम्मान नहीं बल्कि युवाओं को देशभक्ति और सैन्य सेवा के लिए प्रेरित करने का संदेश भी बन गया। सारखी ग्राम के ये दो सपूत अब मातृभूमि की रक्षा में अपना शौर्य दिखाएंगे — यही सभी की मंगलकामना है।








