संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, राजिम। छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शुमार राजिम कुंभ कल्प मेला 2026 की तैयारियां तेजी से अंतिम चरण की ओर बढ़ रही हैं। यह भव्य धार्मिक आयोजन 1 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक राजिम में आयोजित होगा। इसी कड़ी में आज गरियाबंद जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री प्रखर चंद्राकर ने नए मेला मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, भोजनालयों के पंडाल, कलाकारों के ठहराव, पेयजल सुविधा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि चिन्हित कमियों को शीघ्र दूर किया जाए, ताकि मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर राजिम अनुविभागीय अधिकारी श्री विशाल महाराणा, तहसीलदार श्री मयंक अग्रवाल, एसडीओपी श्रीमती निशा सिन्हा, थाना प्रभारी राजिम श्री अमृत साहू सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासन द्वारा मेले को भव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। महानदी, पैरी एवं सोंढूर नदियों के त्रिवेणी संगम पर आयोजित होने वाला यह मेला प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर के साधु-संतों और श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है।
अधिकारियों ने बताया कि यातायात, सुरक्षा, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, प्रकाश व्यवस्था एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जा रही हैं, ताकि यह 15 दिवसीय आयोजन पूर्ण गरिमा, दिव्यता और श्रद्धा के वातावरण में संपन्न हो सके।
