संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, गोबरा नवापारा। गोबरा नवापारा इन दिनों अपराधों की चपेट में है। चोरी, चाकूबाजी और अवैध मादक पदार्थों का कारोबार बेलगाम हो चुका है। नतीजतन लोग न केवल अपनी संपत्ति बल्कि जान की सुरक्षा को लेकर भी भयभीत हैं।
ताजा मामला: 17 जुलाई की मध्यरात्रि को नगर के निवासी गुलाब जगवानी के घर से अज्ञात चोरों ने एसी की केबल चुरा ली। घटना से भयभीत परिवार ने 18 जुलाई को गोबरा नवापारा पुलिस थाने में लिखित शिकायत दी और तत्काल कार्रवाई की मांग की। लेकिन हकीकत यह है कि पुलिस अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पाई है।
जनता का आक्रोश:
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सुस्ती के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। कई बार चोर सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए, फिर भी गिरफ्तारी में देरी हो रही है। कुछ पीड़ितों ने तो यहां तक कहा कि थाने में आवेदन तो ले लिया जाता है, लेकिन रिसिप्ट तक नहीं दी जाती।
सट्टा पर कार्रवाई, पर चोरी पर चुप्पी:
हाल ही में पुलिस ने सट्टा संचालित करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 7,230 रुपये नकद व सट्टा पर्चियां जब्त कीं, लेकिन चोरी जैसे गंभीर अपराधों पर पुलिस की निष्क्रियता से लोगों में गुस्सा है।
जनता की मांग:
गोबरा नवापारा के लोग एक स्वर में कह रहे हैं – “अब बहुत हुआ! पुलिस तुरंत अपराधियों की धरपकड़ करे, अपराध पर अंकुश लगाए और लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाए। अन्यथा हम सामूहिक रूप से उच्च अधिकारियों तक यह मामला उठाएंगे।”








