@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, धमतरी। भारतीय गणतंत्र के अमर पर्व गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर ग्राम कठौली में आयोजित “गणतंत्र के गौरव स्वर” कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति, संस्कृति और जनचेतना का अद्भुत संगम बनकर उभरा। इस भव्य आयोजन में देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह के साथ-साथ जिले के युवा पत्रकार एवं प्रधान संपादक सतीश शर्मा द्वारा प्रकाशित राष्ट्रीय मासिक समाचार पत्र ‘जयति लोकदर्शन’ के प्रथम अंक का भव्य विमोचन किया गया। इसके साथ ही कला साधक एवं अनुराग साहित्य एवं कला संस्था के अध्यक्ष प्रशांत सोनवानी कृत ग्राम के आराध्य जोगी बाबा की महिमा गाथा पर आधारित गीत एल्बम का भी विमोचन संपन्न हुआ, जिसने कार्यक्रम को और अधिक गरिमामय बना दिया।
कार्यक्रम का आयोजन अनुराग साहित्य एवं कला संस्था, कठौली द्वारा किया गया। रात्रि 7 बजे दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण सिंह साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रघुनंदन साहू, ग्राम पंचायत कठौली के सरपंच खेमराज साहू तथा पूर्व सरपंच कविता साहू, पूर्व जनपद पंचायत सदस्य पूर्णेंद्र देव साहू की विशेष उपस्थिति रही। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि बताते हुए गणतंत्र की महत्ता, लोकतंत्र की मजबूती और समाज में सांस्कृतिक आयोजनों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में सिद्धहस्त कलाकारों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां दीं। विशेष रूप से लोकगायक फागुतारक और गायिका निहारिका साहू ने अपने सुमधुर गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों ने राष्ट्रप्रेम और गौरव की भावना को सशक्त रूप से अभिव्यक्त किया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।
इस दौरान आयोजित सम्मान समारोह में ग्राम, समाज और प्रशासन के विभिन्न क्षेत्रों—सामाजिक कार्य, समरसता, शिक्षा, जनजागरूकता, ग्रामीण सेवा, चिकित्सा तथा कला सहित अनेक विधाओं में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
इसी मंच पर ‘जयति लोकदर्शन’ मासिक पत्रिका के प्रथम अंक का अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से विमोचन किया गया। मुख्य अतिथि चंदूलाल साहू ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह पत्रिका जनता की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करेगी और समाज व शासन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बनेगी।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रघुनंदन साहू एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण सिंह साहू ने भी पत्रिका की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है और ऐसी पहलें समाज में जागरूकता तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती देती हैं।
कार्यक्रम का संचालन सतीश शर्मा ने किया, जबकि विमोचन सत्र का संचालन रामेश्वर साहू ने किया। संस्था के अध्यक्ष प्रशांत सोनवानी ने आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में प्रशांत सोनवानी, राजकुमार निषाद, रेखा निषाद, जागृति साहू, राहुल साहू, परमेश्वर निषाद, जितेन्द्र साहू, टिकेश्वर विश्वकर्मा, रामकुमार साहू, बिसनी निषाद, हिरौंदी साहू, राधेश्याम नगारची, ममता साहू, नागेश्वरी निषाद, द्वारपाल साहू, विरेंद्र नगारची, यशोदा साहू, लक्ष्णी निषाद, अर्जुन मानिकपुरी, भोला पटेल सहित ग्रामवासियों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
देशभक्ति, संस्कृति, साहित्य, पत्रकारिता और लोकआस्था से ओत-प्रोत यह आयोजन क्षेत्र में लंबे समय तक स्मरणीय रहने वाला कार्यक्रम सिद्ध हुआ, जिसने यह संदेश दिया कि जब समाज, संस्कृति और जनचेतना एक मंच पर आती है, तो इतिहास रचा जाता है।








