संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन की सराहनीय पहल
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। मानव सेवा के संकल्प को साकार करते हुए नवापारा राजिम अंचल की सामाजिक संस्था संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन, गोबरा नवापारा ब्रांच के तत्वावधान में 21 दिसंबर 2025, रविवार को विशाल रक्तदान शिविर एवं निरंकारी प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय गंज रोड स्थित सिंधी गुरुद्वारा परिसर में किया जाएगा।
इस अवसर पर बाल निरंकारियों द्वारा तैयार की गई पेंटिंग्स की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिनके माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जन-जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। प्रदर्शनी बच्चों की सृजनात्मकता के साथ सामाजिक चेतना का सशक्त माध्यम बनेगी।
रक्तदान शिविर का समय प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। फाउंडेशन के गोबरा नवापारा ब्रांच प्रमुख गांधी सचदेव ने क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिलता है।
आयोजकों ने आमजन से इस पुनीत कार्य में सहभागी बनकर मानवता की सेवा में योगदान देने का आग्रह किया है।








