संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा आयोजित स्वच्छता संगम-2025 में नवापारा नगर पालिका को स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विशेष श्रेणी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान रायपुर संभाग स्तर पर शिकायत निवारण, अपशिष्ट प्रबंधन, दार्शनिक स्वच्छता और नागरिक प्रतिक्रिया में उल्लेखनीय कार्य के लिए प्रदान किया गया।
बिलासपुर इनडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने नवापारा नगर पालिका को सम्मानित किया। राज्य के कुल 192 नगरीय निकायों में नवापारा ने 21वां स्थान हासिल किया, जबकि कुल 38 नगरीय निकायों को पुरस्कार से नवाजा गया।
पुरस्कार ग्रहण करने वालों में नगर पालिका अध्यक्ष ओम कुमारी–संजय साहू, उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी, सीएमओ लवकेश पैकरा, अभियंता शिव कुमार गर्ग एवं स्वच्छता दीदियां शामिल थीं।
नगर को साफ, सुंदर और स्वच्छ रखना सर्वोच्च प्राथमिकता – ओम कुमारी
अध्यक्ष ओम कुमारी–संजय साहू ने कहा, “नगर को साफ, सुंदर और स्वच्छ रखना हमारी पहली प्राथमिकता है। सफाई में जुटे सभी पालिका कर्मियों, स्वच्छता कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों के निरंतर प्रयासों से यह सम्मान संभव हुआ है। आगे भी नगर को और स्वच्छ बनाने के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।”
यह उपलब्धि नवापारा नगर के लिए गर्व का विषय है और स्वच्छता के क्षेत्र में निरंतर प्रगति की प्रेरणा भी।








