संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, रायपुर। रायपुर जिले के विकासखंड अभनपुर में शैक्षणिक उन्नयन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक जीवोदया फादर आदम मेमोरियल स्कूल, गातापार में जिला शिक्षा अधिकारी श्री हिमांशु भारतीय एवं जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा श्री के. एस. पटले की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में मिशन उत्कर्ष 2025 के तहत कक्षा 10वीं एवं 12वीं में शत-प्रतिशत उत्तीर्णता का लक्ष्य प्राप्त करने की रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही निपुण भारत अभियान के अंतर्गत एफ.एल.एन. (FLN) के लक्ष्य के अनुरूप 3 से 9 वर्ष के बच्चों के लिए प्राथमिक शालाओं, आंगनबाड़ी व बालवाड़ी केंद्रों में अनुकूल वातावरण निर्माण पर विशेष बल दिया गया।
हरिहर स्कूल योजना के अंतर्गत बच्चों द्वारा “एक पेड़ मां के नाम” का वृक्षारोपण, नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना, ऑपरेशन उद्घोष के अंतर्गत पीपीटी मॉडल, वीडियो एडिटिंग, नुक्कड़ नाटक, वाद-विवाद, नृत्य आदि गतिविधियों के माध्यम से छात्रों को आत्मविश्वास और मंच कौशल विकसित करने हेतु निर्देशित किया गया।
प्रोजेक्ट U के तहत विद्यार्थियों की बैठक व्यवस्था को U आकार में रखने की सिफारिश की गई ताकि कोई भी छात्र बैक बेंचर न रहे। वहीं ऑपरेशन घंटी योजना के अंतर्गत हर दो घंटे में विशेष ध्वनि बजाकर बच्चों को पानी पीने की याद दिलाने और शारीरिक-मानसिक विकास को प्रोत्साहित करने पर बल दिया गया।
ऑपरेशन छांव के माध्यम से आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, राशन कार्ड, श्रमिक कार्ड, जाति-निवास व आय प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस जैसे दस्तावेजों की उपयोगिता पर चर्चा की गई। ऑपरेशन धरोहर योजना के तहत 1947 के पूर्व स्थापित शालाओं में मूलभूत सुविधाओं के विकास हेतु कार्यवाही की जाएगी।
सुरक्षा जागरूकता के अंतर्गत शिक्षकों व विद्यार्थियों के लिए दोपहिया वाहन में हेलमेट अनिवार्य किया गया है। वहीं जिंदगी मुस्कुराएगी योजना के अंतर्गत कटे-फटे होंठ की सर्जरी एवं आवश्यकता अनुसार प्लास्टिक सर्जरी की सुविधा नि:शुल्क जिला प्रशासन द्वारा दी जाएगी।
बैठक में पाठ्यपुस्तकों के स्कैनिंग, वितरण, यू-डाइस प्रविष्टि तथा अन्य शैक्षणिक जानकारी पीपीटी के माध्यम से डीईओ श्री हिमांशु भारतीय द्वारा विस्तृत रूप से प्रस्तुत की गई। उन्होंने सभी अधिकारियों से टीम वर्क की भावना के साथ सभी योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु ठोस प्रयास करने का आह्वान किया।
बीईओ अभनपुर श्रीमती धनेश्वरी साहू ने भी सभी प्राचार्यों व संकुल समन्वयकों से सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया जिससे अभनपुर विकासखंड अग्रणी बना रहे।
बैठक में डीएमसी श्री के. एस. पटले, सहायक संचालक श्री एम. मिंज, परियोजना अधिकारी समग्र शिक्षा श्रीमती इंदिरा गांधी, एपीसी श्री अरुण शर्मा, श्रीमती पूनम तिवारी, बीआरसीसी श्री राकेश कुमार साहू सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन समन्वयक परसदा (वि.म.) श्री बुद्धेश्वर बघेल द्वारा किया गया।








