संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा-राजिम। सामाजिक सरोकार और सेवा भावना का परिचय देते हुए श्री सालासर सुंदरकाण्ड हनुमान चालीसा जनकल्याण समिति द्वारा प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी अत्यंत निर्धन परिवार की 11 बेटियों का सामूहिक आदर्श विवाह भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है।
समिति के संस्थापक राजू काबरा, अध्यक्ष धर्म साहू, विवाह संयोजक रूपेंद्र चंद्राकर एवं ब्रह्मानंद साहू ने बताया कि विवाह हेतु चयनित 11 बेटियों में— 5 गोबरा नवापारा, 1 राजिम, 1 पटेवा, 1 पारागांव, 1 नवागांव तथा 2 करेली बड़ी की बेटियां शामिल हैं।

राधाकृष्ण मंदिर में वैदिक रीति से विवाह
सामूहिक विवाह समारोह राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण में संपन्न होगा, जहां कन्हैया महाराज एवं 11 ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह की रस्में संपन्न कराई जाएंगी।
विशेष आकर्षण के रूप में बारात बैलगाड़ियों में निकाली जाएगी, जिसमें गड़वा बाजा, राउत नाचा और बैंड-बाजे की मधुर धुनें वातावरण को उल्लासपूर्ण बनाएंगी।
बारात गंज रोड होते हुए सदर मार्ग से विवाह स्थल पहुंचेगी। पूरे मार्ग में नगरवासियों द्वारा बारातियों का स्वागत किया जाएगा। नगर और अंचल में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
प्रत्येक वधू को मिलेगा गृहस्थी का संपूर्ण सामान
समिति द्वारा प्रत्येक वधू को उपहार स्वरूप गृहस्थ जीवन की संपूर्ण सामग्री प्रदान की जा रही है, जिसमें प्रमुख रूप से—
भगवान सीता-राम की तस्वीर, सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायल व बिछिया, नेकलेस, सोलह श्रृंगार का सामान, वर-वधू को हाथ घड़ी, भांवर की साड़ी, 6 साड़ियां, चुनरी, लेडीज पर्स, चप्पल, वर के लिए पेंट-शर्ट, टॉवल, रजाई, दिवान, गद्दा, बेडशीट, तकिया, चादर, सोफा, ड्रेसिंग टेबल, टी-टेबल, कुर्सी, आलमारी, कूलर, पंखा, बर्तन जाली व टोकरी, स्टील डिनर सेट, मिक्सी, कुकर, स्टील घड़ा-जग, टिफिन, पानी बॉटल, हॉट पॉट, इडली सांचा, रोटी डिब्बा, कढ़ाई, रसोई मसाले, दीवार घड़ी, आयरन, बाथरूम सेट, चटाई, ट्रॉली बैग, जोरन पेटी एवं 5 किलो शक्कर शामिल है।
नववर्ष पर विशाल हनुमान चालीसा महापाठ
इसी क्रम में 1 जनवरी, नूतन वर्ष के अवसर पर दोपहर 2 बजे से घर-परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए विशाल हनुमान चालीसा महापाठ का आयोजन किया जाएगा।
प्रत्येक हनुमान चालीसा पाठ के साथ घी एवं “स्वाहा-स्वाहा” की आहुति दी जाएगी।
समिति ने नगरवासियों से सामूहिक विवाह में उपस्थित होकर बेटियों को आशीर्वाद देने तथा नववर्ष के धार्मिक आयोजनों में सहभागिता निभाने की अपील की है।








