@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, कुरुद/राजिम। छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के उद्देश्य से अनुराग साहित्य एवं कला संस्था ग्राम कठौली के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध कला साधक “श्री पुराणिक साहू कृत लहर गंगा” लोक सांस्कृतिक संस्था की प्रस्तुति का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन दीपावली, उत्सव के उपलक्ष्य में 24 अक्टूबर 2025, शुक्रवार को बाजार चौक कठौली में संपन्न होगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गौकरण साहू जी, उपाध्यक्ष जिला पंचायत धमतरी होंगे, एवं अध्यक्षता डॉ. खेमराज साहू, सरपंच ग्राम पंचायत कठौली करेंगे। साथ ही अंचल के जनप्रतिनिधि, कला एवं साहित्य के हस्तियों की उपस्थिति इस सांस्कृतिक पर्व को और भी प्रेरणादायी बनाएगी।
आयोजन समिति के प्रमुख प्रशांत सोनवानी अध्यक्ष अनुराग कला एवं साहित्य संस्था ग्राम कठौली ने जानकारी दी कि कार्यक्रम की शुरुआत सायं 5 बजे से होगी, जिसमें छत्तीसगढ़ के नामचीन कला एवं सांस्कृतिक संस्था द्वारा सुवा नृत्य, रावत नाचा जैसे पारंपरिक लोक नृत्यों की प्रस्तुतियाँ होंगी। तत्पश्चात रात्रि 9 बजे से सांस्कृतिक लोक कला संस्था “लहर गंगा” का मंचन किया जाएगा।
अनुराग साहित्य एवं कला संस्था के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, साहित्य और कला को संरक्षित एवं संवर्धित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।

संस्था के सदस्यों ने क्षेत्र के समस्त कला साहित्य प्रेमियों से आग्रह किया है कि वे इस आयोजन में उपस्थित होकर लोक परंपराओं के इस उत्सव के साक्षी बनें और छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक गौरव को समृद्ध करने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति सदस्य राजकुमार निषाद, रामकुमार साहू, अर्जुन मानिकपुरी, जितेन्द्र साहू, परमेश्वर निषाद, विरेन्द्र नगारची, टिकेश्वर विश्वाकर्मा,रेखा निषाद, जागृति साहू आदि जुटे हुए हैं।









