नई दिल्ली | भारत सरकार आतंकवाद के खिलाफ अपनी रणनीति और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को वैश्विक मंचों पर ले जाने के लिए एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। 22 मई से 5 जून 2025 तक भारत (India) का 51 सदस्यीय सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल दुनिया के 32 देशों की यात्रा करेगा। इस दौरे का मकसद पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद को उजागर करना और भारत के पक्ष को मजबूती से प्रस्तुत करना है।
7 समूह, 32 देश, 51 नेता
इस प्रतिनिधिमंडल को सात समूहों में बांटा गया है, जो अलग-अलग क्षेत्रों — यूरोप, खाड़ी, एशिया, अफ्रीका, अमेरिका और रूस — में भारत की आवाज़ बनेंगे। प्रत्येक समूह का नेतृत्व विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ सांसद करेंगे, जिनमें शशि थरूर, रवि शंकर प्रसाद, बैजयंत पांडा, कनिमोझी, सुप्रिया सुले, श्रीकांत शिंदे और संजय कुमार झा शामिल हैं।
यात्रा शेड्यूल एक नज़र में
समूह | गंतव्य देश | तारीखें |
---|---|---|
1 | बहरीन, कुवैत, सऊदी अरब, अल्जीरिया | 23 – 30 मई |
2 | फ्रांस, इटली, डेनमार्क, UK, EU (ब्रसेल्स), जर्मनी | 25 मई – 5 जून |
3 | जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, इंडोनेशिया, मलेशिया | 22 – 31 मई |
4 | UAE, कांगो, सिएरा लियोन, लाइबेरिया | 21 – 31 मई |
5 | गुयाना, पनामा, कोलंबिया, ब्राजील, अमेरिका | 25 मई – 3 जून |
6 | रूस, स्लोवेनिया, ग्रीस, लातविया, स्पेन | 22 – 31 मई |
7 | क़तर, दक्षिण अफ्रीका, इथियोपिया, मिस्र | 24 मई – 1 जून |
प्रमुख नेताओं का नेतृत्व
समूह | प्रतिनिधिमंडल प्रमुख | दल |
---|---|---|
1 | बैजयंत पांडा | बीजेपी |
2 | रवि शंकर प्रसाद | बीजेपी |
3 | संजय कुमार झा | जेडीयू |
4 | श्रीकांत शिंदे | शिवसेना |
5 | शशि थरूर | कांग्रेस |
6 | कनिमोझी | डीएमके |
7 | सुप्रिया सुले | एनसीपी-एसपी |
अन्य सदस्यों में शामिल हैं: असदुद्दीन ओवैसी, एमजे अकबर, प्रियंका चतुर्वेदी, अनुराग ठाकुर, मिलिंद देवड़ा, तेजस्वी सूर्या, सलमान खुर्शीद, बंसुरी स्वराज और कई पूर्व राजदूत।
मिशन का उद्देश्य क्या है?
-
पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पर्दाफाश करना
-
भारत की आतंकवाद के खिलाफ नीति और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की जानकारी साझा करना
-
वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देना और भारत के साथ एकजुटता कायम करना
संसदीय कार्य मंत्री की अगुवाई में समन्वयन
इस अभूतपूर्व अंतरराष्ट्रीय मिशन की निगरानी केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू कर रहे हैं। उन्होंने यात्रा की आधिकारिक घोषणा करते हुए नेताओं और उनके गंतव्यों की जानकारी साझा की।