संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। समीपस्थ ग्राम पटेवा में आज 11 जनवरी, रविवार को समस्त ग्रामवासियों एवं ग्राम पंचायत पटेवा के तत्वावधान में भव्य मड़ई मेला का आयोजन किया गया है। मड़ई पर्व को लेकर गांव में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना हुआ है।
सरपंच प्रतिनिधि यशवंत मंडल एवं आयोजक समिति ने बताया कि मड़ई के पावन अवसर पर रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक कला संस्था चंद्र भूषण वर्मा कृत महतारी लोक कला मंच, खरोरा (रायपुर) अपनी मनमोहक प्रस्तुति देगी। लोकगीत, लोकनृत्य एवं पारंपरिक छत्तीसगढ़ी कला के माध्यम से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन होगा।
मड़ई मेला केवल उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और लोक आस्था का प्रतीक है। इस अवसर पर देवी-देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की जाती है। मड़ई से जहां एक ओर ग्रामीणों में उत्साह और उमंग का संचार होता है, वहीं दूसरी ओर आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भावना को भी बल मिलता है।
आयोजक समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस लोकपर्व को सफल बनाने की अपील की है। उक्त जानकारी कुलेश्वर साहू ने दी।








