संवाददाता तुकाराम कंसारी
नवापारा में आध्यात्मिक उल्लास, वैदिक अनुष्ठान और दिव्य वातावरण से सराबोर हुआ नगर
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। नगर के हृदय स्थल गांधी चौक के समीप सेठ रेखराज चतुर्भुज अग्रवाल परिवार द्वारा समर्पित राधाकृष्ण मंदिर के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे भव्य शताब्दी महोत्सव का आज ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया। विशाल नगर–भोज के पश्चात बहुप्रतीक्षित श्री विष्णु महायज्ञ का शुभारंभ सोमवार 24 नवंबर से हो गया, जो 30 नवंबर 2025 तक सात दिवसीय दिव्य वैदिक परंपराओं के साथ सम्पन्न होगा।
45–50 हजार श्रद्धालुओं ने लिया था नगर भोज का प्रसाद
मंदिर शताब्दी महोत्सव का नगरभर में अत्यधिक उत्साह देखने को मिला। बीते दिन आयोजित व्यापक नगर भोज में करीब 45 से 50 हजार श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर आध्यात्मिक वातावरण को और पावन बनाया। इसके बाद से ही नगरवासियों में श्री विष्णु महायज्ञ के दर्शन की बेसब्री थी, जो आज पूर्ण हुई।
सात दिनों तक होगा मंत्र–उच्चार, हवन और धार्मिक अनुष्ठान
महायज्ञ प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किया जाएगा। यज्ञ में यजमान के रूप में नयन निधि अग्रवाल, प्रतीक पूजा अग्रवाल और श्वेता–अंकित अग्रवाल अपनी धार्मिक जिम्मेदारी निभाएंगे, जिन्हें वैदिक नियमों का कठोर पालन करना होगा। करीब 25 वर्षों बाद नवापारा में विष्णु महायज्ञ हो रहा है, जिससे श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। नगर और आसपास क्षेत्र से भक्तों की भारी उपस्थिति की संभावना है।
काशी से आए विद्वान ब्राह्मण, सजे दुल्हन सा मंदिर परिसर
पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया है। कहीं रंग–बिरंगी रोशनियाँ, कहीं वैदिक संस्कृति की मनोहारी झलक… ऐसा प्रतीत होता है मानो पूरा क्षेत्र श्रद्धा के ‘कुंभ’ में परिवर्तित हो गया हो। यज्ञ स्थल पर प्रवेश करते ही अद्भुत अलौकिक शांति का अनुभव होता है।
आचार्य मंडली और वैदिक ऋत्विजों की भव्य उपस्थिति
महायज्ञ को सफल बनाने हेतु विशाल आचार्य मंडली अपनी सेवाएँ प्रदान कर रही है—
यज्ञाचार्य: पं. संतोष मिश्रा, उपाचार्य: पं. देवेंद्र दुबे, ऋग्वेदाचार्य: पं. अमित तिवारी, यजुर्वेदाचार्य: पं. कमल किशोर शर्मा, सामवेदाचार्य: पं. भानु उपाध्याय, अथर्ववेदाचार्य: पं. सौरभ पांडेय, कृष्ण यजुर्वेदाचार्य: पं. कामेश तिवारी होंगे। होता–ऋत्विजों में प्रमुख रूप से पं. ओमप्रकाश शर्मा, पं. नीलेश पांडेय, प. सूर्यकांत तिवारी, प. आदित्य तिवारी, प. केशवचंद्र तिवारी, प. धर्मेंद्र दुबे, प. चिरंजीवी पांडेय, प. विद्याधर तिवारी, प. शिवन् पांडेय, प. हेमंत शर्मा, प. कौशलेन्द्र तिवारी, प. खिलेश शर्मा, प. बिट्टू शर्मा, प. प्रशांत पांडेय, प. अशोकप्रसाद तिवारी, प. सत्यम पाठक एवं प. अभिषेक शर्मा सम्मिलित हैं।काशी से विशेष रूप से आए ब्राह्मणों की उपस्थिति महायज्ञ की दिव्यता को और बढ़ा रही है।
वृहद व्यवस्थाएँ—CCTV, LED स्क्रीन, पुलिस सुरक्षा तैनात
श्रृद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट ने व्यापक प्रबंध किए हैं। ट्रस्ट के सर्वराकार मोहनलाल अग्रवाल, गोपाल अग्रवाल तथा आयोजन प्रमुख गिरधारी अग्रवाल ने बताया—पूरे परिसर में सुरक्षा हेतु CCTV कैमरे लगाए गए हैं। दर्शन व यज्ञ दर्शन के लिए LED स्क्रीन की व्यवस्था होगी। सुरक्षा व्यवस्था संचालन में पुलिस प्रशासन का विशेष सहयोग रहेगा।
श्रीगणेशजी प्राण–प्रतिष्ठा भी आज
मंदिर के शिव–परिवार में स्थित गणेश प्रतिमा के खंडित होने पर जयपुर (राजस्थान) से नई संगमरमर की मूर्ति मंगाई गई है, जिसकी प्राण–प्रतिष्ठा भी आज ही हो रही है।
नवापारा में आस्था और सामाजिक सौहार्द का अद्वितीय संगम
यह आयोजन न केवल धार्मिक उत्सव है बल्कि सामाजिक एकता का श्रेष्ठ उदाहरण भी है। पूरा नगर जाति–पंथ के भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट होकर प्रदेश और देश में प्रेम, सद्भावना और संस्कृति का संदेश दे रहा है। आयोजन समिति ने समस्त अंचलवासियों से इस पुण्य आयोजन में सम्मिलित होने का आग्रह किया है।








