संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। नगर पालिका गोबरा नवापारा द्वारा जनभावना एवं धार्मिक आस्थाओं का सम्मान करते हुए मांस विक्रेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मांस विक्रेताओं से प्रस्ताव रखा गया कि अब से खुले में मांस काटने एवं विक्रय करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। खुले में मांस काटने से जनभावना और धार्मिक भावना आहत होती है, इसलिए नगर हित में इसे प्रतिबंधित करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
साथ ही नवरात्र पर्व के दौरान नगर पालिका सीमा क्षेत्र में स्थित सभी मांस दुकानों को नौ दिनों तक बंद रखने पर भी सहमति व्यक्त की गई। मांस व्यवसायियों ने दुकानों के अंदर उचित व्यवस्था बनाने हेतु दशहरा तक का समय मांगा है। इसके बाद नगर में मांस विक्रय केवल नियमानुसार दुकानों के भीतर ही किया जाएगा।
पालिका द्वारा की गई इस पहल का नगरवासियों, समाजसेवी संस्थाओं और धार्मिक संगठनों ने व्यापक स्वागत किया है। इसे जनहित में एक सकारात्मक कदम बताते हुए नगर में अनुशासन और सांस्कृतिक भावना को बढ़ावा देने वाला निर्णय कहा गया।
बैठक नगरपालिका सभागार में आयोजित हुई, जिसमें नपा अध्यक्ष ओमकुमारी-संजय साहू, नपा उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी लवकेश पैकरा, पार्षद जीना निषाद, जग्गू यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता धीरज साहू सहित नगर के मांस व्यवसायी उपस्थित रहे।








