संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। छत्तीसगढ़ राज्य लोक सेवा आयोग (CGPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में राजिम के होनहार गौरव सोनी ने 47वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। परिणाम जारी होते ही उनके घर पर बधाइयों का तांता लग गया। परिजनों के चेहरे गर्व से खिल उठे तो मित्रों और परिचितों में भी उत्साह और प्रसन्नता की लहर दौड़ गई।
गौरव के पिता श्री गंगाधर सोनी और माता शोभा सोनी ने बेटे की सफलता को जीवन का “अविस्मरणीय क्षण” बताया। उन्होंने कहा कि गौरव ने कठिन परिश्रम और दृढ़ इच्छाशक्ति से यह मुकाम हासिल किया है, जो पूरे परिवार के लिए गौरव की बात है।
उनके मित्र पंडित विकास मिश्रा, भारत भूषण, सचिन सोनी, राहुल साहू, तरुण जैन और नागेन्द्र निषाद ने गौरव को हृदयपूर्वक बधाई देते हुए कहा कि उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का ही यह परिणाम है। सभी ने विश्वास जताया कि गौरव भविष्य में भी राज्य और समाज की सेवा में उत्कृष्ट भूमिका निभाएंगे।
गौरव सोनी की सफलता ने पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना दिया है। लोग सोशल मीडिया से लेकर व्यक्तिगत मुलाकातों में उन्हें शुभकामनाएँ दे रहे हैं और युवा वर्ग उनके संघर्ष व उपलब्धि को प्रेरणा की तरह देख रहा है।








