संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। सावन के तीसरे सोमवार 28 जुलाई को अभनपुर के पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू, शिव भक्तों और समर्थकों के साथ पंचकोशी धाम की यात्रा पर निकलेंगे।
यह यात्रा हर साल की तरह इस बार भी बुलेट मोटरसाइकिल से शुरू होगी। त्रिवेणी संगम के मध्य में विराजमान देवाधिदेव श्री कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर मे सुबह 7 बजे भोलेनाथ कुलेश्वर महादेव में जल चढ़ाकर पूजा-अर्चना करेंगे। सुबह 8 बजे नवापारा से 5 किमी दूर पटेश्वरनाथ महादेव (पटेवा) में पूजा-अर्चना करेंगे। सुबह 9:30 बजे यहां से 14 किमी दूर चंपेश्वर महादेव मंदिर (चंपारण) पहुंचकर पूजा करेंगे। दोपहर 12 बजे 30 किमी दूर महासमुंद के बम्हनेश्वरनाथ महादेव
की पूजा-अर्चना कर थोड़ा विश्राम करेंगे। दोपहर 3 बजे यहां से 22 किमी दूर राजिम विधानसभा क्षेत्र के फिंगेश्वर पहुंचकर फणिकेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना करेंगे।शाम 4 बजे 32 किमी दूर कोपेश्वरनाथ महादेव (कोपरा) पहुंचकर पूजा करेंगे।
पंचकोशी धाम यात्रा का उद्देश्य और विशेषता
पूर्व विधायक धनेंद्र साहू ने एक चर्चा में बताया कि यह उनकी सालों से चली आ रही धार्मिक यात्रा है। वे हजारों शिव भक्तों और समर्थकों के साथ सामूहिक रूप से इस यात्रा में शामिल होते हैं और महादेव की पूजा कर प्रदेश और विशेषकर अभनपुर विधानसभा क्षेत्र की खुशहाली, तरक्की और सुख-समृद्धि के लिए मंगल कामना करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस यात्रा में बड़ी संख्या में शिव मक्त समर्थक और मातृशक्तियां स्वतः स्फूर्त शामिल होती है। धनेन्द्र साहू महादेव मंदिर पहुंचकर यात्रा समाप्त करेंगे। 7 बजे काफिले के साथ वापस कुलेश्वरनाथ पहुंचेंगे.
भव्य स्वागत की तैयारी
इस यात्रा का स्वागत गांव-गांव में किया जाएगा। समर्थकों ने जगह-जगह आतिशबाजी और फूलों की मालाओं से स्वागत की तैयारी कर ली है। इस बार महासमुंद और राजिम विधानसभा क्षेत्र के गांवों में, जहां से काफिला गुजरेगा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने व्यापक रूप से स्वागत की योजना बनाई है. कई गांवों में जोरदार आतिशबाजी देखने को मिलेगी। यात्रा का नजारा देखने लायक होगा, जिसमें सैकड़ों मोटरसाइकिल, स्कूटर, छोटा हाथी, मैजिक, पिकअप, ट्रैक्टर और बसों के अलावा तरह-तरह के संसाधनों में समर्थक शामिल रहेंगे। अधिकतर गाड़ियां मातृशक्तियों से भरी होंगी। यह एक ही दिन में पांच महादेव के दर्शन और पूजा का अवसर देगा।








