जल संरक्षण तकनीक को बढ़ावा – डीएसआर परियोजना के चयनित 20 कृषक हुए लाभान्वित
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, कुरुद। सेंटर फॉर एडवांस्ड रिसर्च एंड डेवलपमेंट (कार्ड) संस्था द्वारा संचालित धान की सीधी कतार बुआई तकनीक (डीएसआर) परियोजना के तहत कुरूद ब्लॉक के किसानों को आधुनिक सिंचाई उपकरण उपलब्ध कराए गए। अटल बिहारी बाजपेयी स्टेडियम, कुरूद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक के विभिन्न ग्रामों से आए चयनित 20 कृषकों को उच्च कोटि के स्प्रिंकलर सेट वितरित किए गए।
कार्ड संस्था पिछले एक वर्ष से कुरूद ब्लॉक के 20 चिन्हांकित गांवों में डीएसआर तकनीक, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन तथा महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर सतत कार्य कर रही है। इसी क्रम में जल संरक्षण एवं जल उपयोग दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से इन स्प्रिंकलर सेटों का वितरण किया गया। संस्था ने किसानों से न्यूनतम अंशदान लेकर उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम बनाने का प्रयास किया है।
वितरण कार्यक्रम में लोकेशन प्रभारी श्री दिनेश सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर श्री कृष्णेन्द्र कुमार, कृषि विशेषज्ञ कु. नीलम साहू, उत्तम दिवान, फील्ड कोऑर्डिनेटर श्री अंकित साहू, कुलेश्वर, आनंद एवं फील्ड एनिमेटर आरती राम साहू, जितेन्द्र, लिखन सिन्हा, ओंकेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को स्प्रिंकलर सेट के उपयोग, जल संरक्षण तकनीक के महत्व तथा आधुनिक कृषि पद्धतियों के लाभों की विस्तृत जानकारी भी दी गई। किसानों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इससे उनकी सिंचाई क्षमता बढ़ेगी और उत्पादन लागत में कमी आएगी।








