पाटन। अमलेश्वर थाना पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोना-चांदी के जेवरात, नगदी, मोबाइल फोन सहित कुल 8 लाख 22 हजार 480 रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मोतीपुर निवासी प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 25 जनवरी से 29 जनवरी 2026 के बीच घर से बाहर गया हुआ था। वापस लौटने पर घर का दरवाजा और अंदर का ताला टूटा मिला तथा आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात व नगदी अज्ञात चोर ले गए थे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अमलेश्वर पुलिस और एसीसीयू टीम ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी खिलेश दास मानिकपुरी (22 वर्ष) ने अपने साथी भुनेश्वर उर्फ नानू यादव (21 वर्ष) के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था, जबकि चोरी के जेवरात को बेचने के लिए तुलेश्वर सोनकर उर्फ टिल्लू (24 वर्ष) को दिया गया था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सोना-चांदी के जेवरात, नगदी राशि, मोबाइल फोन, चोरी की रकम से खरीदी गई स्कूटी तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
बरामद सामग्री:
सोना लगभग 54 ग्राम (कीमत करीब 6.48 लाख रुपये)
चांदी लगभग 513 ग्राम (कीमत करीब 2.58 लाख रुपये)
नगदी 6,480 रुपये
स्कूटी (CG 04 QV 3484)
मोटरसाइकिल हीरो होंडा (CG 07 L 8246)
विभिन्न मोबाइल फोन
मंगलसूत्र, अंगूठी, बाली, पायल, करधन, बिछिया सहित अन्य आभूषण
चोरी का तरीका
आरोपियों द्वारा आर्थिक लाभ के उद्देश्य से सूने मकानों की रेकी कर रात के समय ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाता था।
पुलिस की अपील:
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर को लंबे समय तक खाली छोड़ने की स्थिति में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें तथा पड़ोसियों या स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।








